मंगलवार, 11 दिसंबर 2012

रिश्तेदार ने ही कर डाला रेप और मर्डर

सागर।  शुक्रवार की शाम रहली के ग्राम छिरारी में 6 वर्ष की मासूम बच्ची का लहूलुहान शव मिलने के बाद पुलिस जांच में यह सामने आया है कि उस मासूम के दूर के रिश्ते में चाचा लगने वाले एवं उसके पडौसी ने ही उसको अपनी हवस का शिकार बनाया था। आरोपी ने अपने कृत्य को छुपाने के लिए मासूम बच्ची का गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।

मामले की जांच कर रहे रहली थाना प्रभारी बीडी पांडे ने बताया कि शुक्रवार की शाम को जब छिरारी गांव में करीब 7 बजे छह वर्ष की मासूम लड़की का शव बरामद किया गया था। पुलिस को साक्ष्य मिले जिसके आधार पर पुलिस ने उसके पडौस में रहने वाले एवं पीड़ित बच्ची के दूर के रिश्तेदार विजय रैकवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

रहली एसडीओपी शशांक गर्ग ने बताया कि जब मासूम लड़की खेलने के लिए जा रही थी तो उसके पडौसी विजय रैकवार ने बच्ची को पकड़कर पहले तो उसको अपनी हवस का शिकार बनाया उसके बाद उसने बेदर्दी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मृत अवस्था में बच्ची का शव वहीं पड़ा रहा। आरोपी ने उसे छिपाने के लिए कई प्रयास किए। लोगों ने जब शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। पकड़े गए आरोपी की उम्र 20 वर्ष है। वह ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है। वह ट्रेक्टर चलाता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 302, 376, 201 आदि धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...