खुरई। खुरई एवं आसपास के क्षेत्र में फर्जी तरीके से गरीब किसानों की जमीन की फर्जी रजिस्ट्रियों को गोरखधंधा रूकने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व में कई फर्जी रजिस्ट्रियों के खुलासे होने के बाद एक और मामला सामने आया।
बीरमखेड़ी निवासी हरिराम अहिरवार ने एसडीएम कमल सोलंकी से शिकायत की है कि बिना उसकी जानकारी के उसकी जमीन किसी और को बेच दी गई। इस बात को लेकर जब एसडीएम ने उपपंजीयक अमित जैन को कार्यालय में बुलाकर जानकारी मांगी तो श्री जैन सही जबाब नहीं दे पाए। कई उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने एसडीएम को समझाने की नाकाम कोशिक की। कानूनी रूप से बिना बटवारा हुई जमीन की रजिस्ट्री को लेकर एसडीएम ने उपपंजीयक को जमकर फटकार लगाई और कहा कि ऐसे मनमाने तरीके से रजिस्ट्री करने के लिए आपको कोर्ट में भी खड़ा किया जा सकता है।
क्या है मामला
ग्राम वीरम खेड़ी के किसान हरिराम ने बताया कि इसी गांव में उसके पिता चौदा अहिरवार के नाम की खसरा नंबर 495 की 0.139 हेक्टेयर जमीन है। पिता की मौत के बाद फौती दर्ज कराने में कुछ विलंब हो गया जब फौती दर्ज कराने आया तो जानकारी लगी की उसकी जमीन बिना जानकारी और बिना बटवारे के बेच दी गई जिसमें उसका भी हिस्सा है। किसान ने बताया कि जिस हिस्से को बेचा गया है वह सबसे ज्यादा उपजाउ था। यह जमीन कलिया उर्फ कलीबाई उम्र 55 वर्ष पुत्री कमला पति स्व. रामचरन अहिरवार निवासी कालूखेड़ी बीना ने सुशीला बाई उफ्र शीला बाई उम्र 37 वर्ष पति विजय अहिरवार निवासी भागीरथपुरा इन्दौर को बेच दी है। इस बात की शिकायत उसने एसडीएम से की है।
पहले भी विवादों में रहे उप पंजीयक
इससे पहले भी उप पंजीयक श्री जैन विवादों में आ चुके है 27 नवम्बर 2011 को पूर्व एसडीएम नंदकुमारम ने भी एक विवादित रजिस्ट्री को लेकर उन्ही के कार्यालय में जाकर जमकर डांटा था। इसी कार्यालय से ग्राम तोड़ाकाछी में एक पटवारी की मिली भगत से 34 किसानों की किसी की जमीन किसी के नाम कर इसी कार्यालय से रजिस्ट्री कराई गई थी।
इनका कहना है
पीड़ित किसान ने शिकायत की है कि उसके हिस्से की जमीन बगैर उसकी जानकारी के बिना बटवारे के बेची गई है। इस पर उपपंजीयक से जबाब मांगा गया है। ऐसे मनमाने तरीके से रजिस्ट्रियों पर रोक लगाने के लिए कार्यवाही की जाएगी और भी कई मामलें ऐसी शिकायतों के आए है सभी की जांच कराई जाएगी।
कमल सोलंकी, एसडीएम खुरई



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें