शनिवार, 19 जनवरी 2013

तहसीलदारों की पदस्थापना में फेरबदल

सागर। कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा ने जिले में चार तहसीलदारों की पदस्थापना में प्रशासनिक कार्य सुविधा व दृष्टि से फेरबदल किया है।

अपर कलेक्टर पीएस जाटव ने बताया कि नवीन आदेशानुसार बीना में तैनात तहसीलदार अशोक अवस्थी अब तहसीलदार शाहगढ़, शाहगढ़ में तैनात तहसीलदार अनिल जैन अब तहसीलदार राहतगढ़, सागर में तैनात अपर तहसीलदार महेन्द्र कुमार गुप्ता अब तहसीलदार बीना और राहतगढ़ में तैनात तहसीलदार डीएन त्रिवेदी अब अपर तहसीलदार सागर होंगे।


आवेदन नि:शुल्क मिलेगे


सागर। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के जिलों में चिन्हित ग्रामीण मार्गों में ग्रामीण परिवहन सेवा प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान की है। इसी क्रम में बैठक क्षमता 6+1   से अधिक तथा 21+2 बैठक क्षमता वाहन स्वामी, आवेदकों से ग्रामीण परिवहन सेवा शुरू करने अस्थाई अनुज्ञा के लिए आरटीओ कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण परिवहन सेवा के लिए इच्छुक आवेदकों को आवेदन पत्र आरटीओ कार्यालय से मुफ्त मिलेंगे। ग्रामीण परिवहन सेवा संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए जिले के परिवहन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है अथवा परिवहन विभाग की बेबसाइट पर भी जानकारी देखी जा सकती है। 


द्वारकाधीश तीर्थ यात्रा के चयन हेतु लाटरी 21 जनवरी को


सागर। प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धजनों के सम्मान में प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा के तहत सागर जिले से 31 जनवरी को तीर्थ यात्री द्वारकाधीश यात्रा के लिए भेजे जाना है। इसी क्रम में शासन द्वारा सागर जिले को आवंटित कोटे से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होने से तीर्थ यात्रियों का चयन लाटरी प्रक्रिया द्वारा 21 जनवरी को शाम 4 बजे एनआईसी (जिला सूचना विज्ञान केन्द्र) में किया जाना है। तीर्थ यात्रियों के चयन हेतु लॉटरी प्रक्रिया के समय इच्छुक व्यक्ति उपस्थित रह सकते है।


बंडा अन्त्योदय मेला संपन्न


सागर। राज्य सरकार के निर्णयानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत हितग्राहियों को एक ही जगह लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में अन्त्योदय मेलों के आयोजनों का सिलसिला जारी है । इसी क्रम में जिले की बण्डा नगर परिषद के लिए संपन्न अन्त्योदय मेले के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को एक करोड़ 87 लाख 600 रुपए मूल्य के लाभ उपलब्ध कराए गए। दमोह सांसद शिवराजसिंह लोधी व अन्य जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा, सीईओ जिला पंचायत  विजय कुमार, एसडीएम नारायण सिंह और अन्य शासकीय विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न इस अन्त्योदय मेले में 68 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में लाभांवित कर अतिथिजनों के हाथों लाभ वितरित कराए गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...