रविवार, 17 फ़रवरी 2013

कांग्रेसजन एकजुटता का संकल्प लें

सागर। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के ऊपर से लेकर निचले स्तर तक के हर कार्यकर्ता की भावना के अनुरूप ही सर्वसम्मत और बेहतर प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाएगा। इसके लिए प्रत्याशी चयन से पहले हर स्तर पर कांग्रेसजन एकजुटता का संकल्प लें।

उक्त उद्गार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री व विधायक विजय वडेट्टीवार ने कांग्रेसजनों को संबोधित   करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी व राहुल गाँधी की मंशा आगामी चुनावों में आम कार्यकर्ता की भावना को जानकर उन्हीं के अनुसार निर्णय लेने की है, जिसे पूरी ईमानदारी के साथ उन तक पहुँचाया जाएगा। 

पर्यवेक्षक श्री वडेट्टीवार ने कहा कि प्रदेश के10 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद प्रदेश की बदतर हालत को देखकर यह महसूस होता है कि मध्यप्रदेश की भ्रष्ट भाजपा सरकार के समान दूसरा कोई उदाहरण देश के किसी प्रदेश में नहीं है। उन्होंने ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए निचले स्तर तक कांग्रेसजनों को एकजुट होने का आव्हान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने स्वागत उद्बोधन करते हुए कहा कि सागर का एक-एक नौजवान, आम कांग्रेसजन और महिलाएं तथा प्रत्येक वर्ग का व्यक्ति प्रदेश में पिछले 9 सालों के भाजपाई कुशासन को समाप्त करने के लिए पूरी तरह उत्साहित और तैयार है, और आगामी चुनाव प्रत्याशी नहीं बल्कि कांग्रेस के नाम पर लड़ने का संकल्प लिए है। 

ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्याशी चाहे जो भी हो, हमारा एकमात्र लक्ष्य जीत हासिल कर केन्द्र में पुन: कांग्रेस सरकार की स्थापना के साथ ही प्रदेश में भाजपा सरकार को हटाकर कांग्रेस की वापसी है, जिसके लिए गांव स्तर तक का व्यक्ति तैयार है। इस अवसर पर डॉ. दिनेश पटैरिया, प्रकाश जैन, प्रभु सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र चौधरी, उत्तमचंद खटीक, सुनील जैन, अरविंद भाई पटेल, त्रिलोकी कटारे, संतोष पांडे, डॉ. संदीप सबलोक, रवि चौरसिया, मधु सिलाकारी, अतुल नेमा, नेवी जैन, पम्मा कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...