बुधवार, 20 फ़रवरी 2013

राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक : 23 फरवरी तक अपने सुझाव देंगे

सागर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निदेर्शानुसार 1500 से अधिक मतदाता के मतदान केन्द्रों का युक्तिकरण किया जाना है। साथ ही 500 से कम मतदाता केन्द्र वाले मतदान केन्द्रों में निकटतम मतदान केन्द्रों को शामिल कर अधिक मतदाता किए जाना है।

इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी योगेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में जिले के राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। जिसमें राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों से चर्चा कर मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में विचार विमर्श कर निर्णय लिए गए।

बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप मण्डावी ने जानकारी दी कि पूर्व में जिले की समस्त विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर 1495 मतदान केन्द्र स्थापित थे। जिनका आयोग की गाइड लाइन अनुसार 6 माह पूर्व युक्तियुक्तकरण किया गया और जिले में मतदान केन्द्रों की संख्या बढकर 1795 हो गई है। अभी हाल ही में आयोग के निदेर्शानुसार पुन: एसडीएम स्तर से राजनैतिक दल के पदाधिकारियों से चर्चा कर निर्णय लिया गया है कि 17 नवीन मतदान केन्द्र और स्थापित किए जाएं। 

उन्होंने बताया कि आयोग की गाइड लाइन के अनुसार 1500 मतदाताओं की संख्या और 500 से कम मतदाता संख्या के साथ 2 किमी से अधिक दूरी दो मतदान केन्द्रों की ना हो इसका ध्यान रखा जाना जरूरी है। इस संबंध में राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों ने मतदान केन्द्रों की स्थितियों का आंकलन कर सुझाव देने समय मांगा। जिसके संबंध में कलेक्टर ने सभी राजनैतिक दल के पदाधिकारियों से 23 फरवरी को अपरान्ह 3.30 बजे उपस्थित होकर सुझाव प्रस्तुत करने का निर्णय लिया।

बैठक अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हीरासिंह राजपूत व संदीप सबलोक, भाजपा के जाहरसींग, बसपा के मनोज अहिरवार व मूरतसिंह यादव, समाजवादी पार्टी से कमल कुमार खटीक, बृजबिहारी तिवारी, कम्युनिस्ट पार्टी से इन्तकाम हुसैन उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...