शुक्रवार, 14 दिसंबर 2012

शिकायतों की जांच हो, की गई कार्यवाही की जानकारी अगली बैठक में

सागर।  प्रदेश सरकार द्वारा गठित बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण की आज सागर में बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत कार्यो की प्रगति की समीक्षा के साथ बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज की कार्यप्रगति पर आवश्यक चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को सम्पन्न बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण की बैठक में समिति सदस्यों ने अपेक्षा की कि उनकी अनुशंसा पर जो काम स्वीकृत होते है उनकी प्रगति की जानकारी देते समय अनुशंसा करने वाले प्रतिनिधि का उल्लेख आवश्यक रूप से किया जाए।

इसी तरह बुन्देखलखण्ड विशेष पैकेज के जो काम प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने देखे है और उनकी कमियों की शिकायत बैठक में दी है तो  उस पर कार्यवाही जरूर हो। साथ ही अगली बैठक में की गई कार्यवाही की जानकारी भी दी जाए। प्राधिकरण के सदस्यों ने यह भी अपेक्षा व्यक्त की कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र विकास से संबंधित जो भी कार्य स्वीकृत होते है उनके शिलान्यास, भूमिपूजन के अवसर पर संबंधित क्षेत्र के प्राधिकरण के पदाधिकारी को आवश्यक रूप से आमंत्रित किया जाए ।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ओरछा में प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत राशि से जो सामुदायिक भवन बनाया गया है उसके रख रखाव के लिए एवं उस भवन का उपयोग सभी कर सके इस हेतु भवन नगर पंचायत को हस्तांतरित किया जाए । बैठक में समिति सदस्यो ने बताया कि टीकमगढ जिले की निवाडी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सेंदरी में बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज के तहत वन विभाग ने चार-पांच तलैयों का निर्माण कराया है जिनके पत्थर कतिपय दबंगो ने निकालकर कुओं की जुड़ाई करा ली है । 

इस संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन तालाबों की जांच कराई जाए एवं दोषियों पर कार्यवाही भी हो ।  बैठक में बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण अंतर्गत वर्ष 2012-13 की तृतीय तिमाही में जो आवंटन मिलना है उसके संबंध में प्राधिकरण सदस्यों से अपने कार्य प्रस्ताव 20 दिसम्बर तक प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गई ताकि समय रहते कार्य स्वीकृत हो सके। समिति सदस्यों ने प्राधिकरण की आगामी बैठक फरवरी माह में आयोजित करने का प्रस्ताव दिया जिस पर सहमति व्यक्त की गई ।

पूर्व में बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश राय ने बुन्देखलण्ड विकास प्राधिकरण के द्वारा वित्त वर्ष 2007-08 से लेकर वर्ष 2012-13 तक स्वीकृत कार्यो की प्रगति की जिलावार जानकारी दी । साथ ही बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज के अंतर्गत कराए गए कार्यो की जानकारी भी प्राधिकरण सदस्यों को दी । 

उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2010-11 व वर्ष 2011-13 के जो कार्य अभी पूर्ण नहीं हुए है उनके संबंध में कारण बताओं नोटिस जारी किए   जाएंगे। आपने यह बताया कि दमोह जिले में बांदकपुर, कुण्डलपुर आदि तीर्थ नगरी संबंधी प्रस्तावों को प्राधिकरण की ओर से शासन को प्रेषित किया गया है और जैसे ही स्वीकृत मिलेगी। सभी सदस्यों को अवगत कराया जाएगा। बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष उमेश शुक्ला, उपाध्यक्ष, सदस्य उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...