सागर। मंगलवार को जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर पीएस जाटव ने जनसुनवाई में 48 आवेदकों की समस्याए सुनी और उन्हें निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया स्थानीय कलेक्टर कक्ष में सम्पन्न जनसुनवाई में ग्राम नरवां की श्रीमती गिरजाबाई ने आवेदन दिया कि उनके पति खजुवा को वर्ष 2001-02 में1.20 हेक्टर भूमि का पट्टा मिला था और खसरा की नकल तथा भू-ऋण पुस्तिका में 1.20 हेक्टर जमीन अंकित है ।
किन्तु पटवारी अभिलेख और कम्प्यूटर में पट्टे की भूमि का रकबा 0.50 हेक्टर दशार्या गया है । उन्होंने अनुरोध किया कि उनके पट्टे की जमीन का रकबा कम्प्यूटर अभिलेख में भी सुधरवाया जाए । इस संबंध में तहसीलदार शाहगढ़ को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए । जनसुनवाई में ग्राम इमलाखेड़ा के बबलू राठौर ने आवेदन दिया कि वे विकलांग है उनके पास रहने के लिए जगह नही है ।
अतएव उन्हें शासन द्वारा कुटीर स्वीकृत की जाए । इस संबंध में जनपद सीईओ को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में ग्राम रिछाई (नरवां) के करन यादव ने आवेदन दिया कि उनकी मां श्रीमती कमलीवाई के नाम भूमि स्वामी स्वत्व की 0.92 हेक्टर जमीन गांव नरवां में है । जिस पर कतिपय लोगो ने वेजा कब्जा कर लिया है । तहसीलदार शाहगढ़ ने वेजा कब्जा हटाने के संबंध में आदेश भी पारित किया है और जिसकी अपील में भी एसडीएम ने आदेश यथावत रखा है । किन्तु आज दिनांक तक उनकी मां की जमीन से बेजा कब्जा नहीं हटवाया गया ।
इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर श्री जाटव ने तहसीलदार शाहगढ को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए । जनसुनवाई में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आगासौद की एलएचबी श्रीमती शांति बाई लड़िया ने आवेदन दिया कि उन्होंने 36 वर्ष 4 माह की सेवा पूर्ण कर ली है और उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किया है । इस प्रकरण में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवा विभाग द्वारा बताई गई कमियां भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा दूर कर दी गई है किन्तु आवेदिका को स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति की स्वीकृति नहीं मिली है । उन्होंने आरोप लगया कि संयुक्त संचालक कार्यालय की एक लिपिक द्वारा पैसे की मांग की जा रही है । इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य को आवश्यक जाचं कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें