मंगलवार, 8 जनवरी 2013

मौत बनकर आई मिनी बस, 2 मासूमों की मौत, 2 गंभीर, चक्काजाम


गढ़ाकोटा/ मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरा में पथरिया से गढ़ाकोटा आ रही एक मिनी बस सड़क पर दो बच्चों को कुचलने के बाद सड़क किनारे बने घर में जा घुसी जिससे दो मासूमों की मौके पर मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बस जब्त कर मामले की तहकीकात शुरु कर दी है। घटना के बाद घोघरा गांव के ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया सूचना मिलते ही भाजयुमो प्रदेश मंत्री पं. अभिषेक भार्गव भी घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को संवेदना व्यक्त की। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार पथरिया के दुबे ट्रेवर्ल्स की सफेद मिनी बस क्र. एमपी 50 पी 0128 पथरिया से गढ़ाकोटा आ रही थी। बस ड्रायवर ने लापरवाही पूर्वक बस चलाई और करीब 11 बजे ग्राम घोघरा के पास सड़क पर खेल रहे दस वर्षीय सचिन अहिरवार एवं 12 वर्षीय मुकेश अहिरवार को बस रोंधती हुई सड़क किनारे बने घर में घुस गई। 50 वर्षीय ठलू अहिरवार एवं 12 वर्ष का किशोर छोटू अहिरवार घर की दहलान में बैठे थे बस के अनियंत्रित होकर मकान में घुसने से वृद्ध ठलू अहिरवार और किशोर छोटू अहिरवार को गंभीर चोटें आर्इं जबकि सचिन अहिरवार और मुकेश अहिरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं हादसे के बाद बस का ड्रायवर घटना स्थल से फरार हो गया। गढ़ाकोटा पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। 


ग्रामीणों ने किया चक्का जाम


इस हृदयविदारक घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पथरिया गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दुबे ट्रेवर्ल्स की बस कंडम हालत में रहती हैं। आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बस के ड्रायवर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर सड़क किनारे के रहवासियों को मुसीबत का सबब बने हुए हैं। बसों के कर्मचारी ग्रामीणों से अभद्रता करने के साथ-साथ उन्हें दादागिरी भी दिखाते हंै। दुबे ट्रवर्ल्स की बसों की हालत खराब है, फिर भी बस संचालक बबलू दुबे अपनी बेकार बसों को इस मार्ग पर बेधड़क होकर दौड़ा रहे हैं। जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों के लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि दुबे ट्रेवर्ल्स के मालिक बबलू दुबे सहित बस कर्मचारियों पर मामला दर्ज किया जाए। 


अभिषेक ने दिया सहायता का आश्वासन


घटना के बाद जब इसकी सूचना भाजयुमो प्रदेश मंत्री अभिषेक भार्गव को लगी तो वह अपने सहयोगियों के साथ घटना स्थल ग्राम घोंघरा पहुंचे। श्री भार्गव ने घायल बच्चों को उचित इलाज का आश्वासन दिया साथ ही पीड़ित परिवार के साथ अपनी संवेदना जताई। उन्होंने चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों से बात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को अश्वासन दिया कि वे जितनी भी सहायता होगी वो करेंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...