सागर। कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा द्वारा प्राधिकृत अधिकारी अपर कलेक्टर पीएस जाटव ने जनसुनवाई में 85 आवेदकों की समस्याये सुनी और उन्हें निपटाने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में जनपद पंचायत देवरी के सरपंच संघ ने आवेदन दिया कि उनके क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़कों का घटिया निर्माणकार्य किया जा रहा है एवं तहसील व जनपद कार्यालय देवरी में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।
जिस पर कार्रवाई की जाए। सरपंच संघ ने दिए गए आवेदन में बताया कि देवरी ब्लाक में चल रहे मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण में ठेकेदारों द्वारा मुरम की जगह मिट्टी डाली जा रही है। जिसमें सड़कों की कोई गुणवत्ता नहीं है। अधिकारी व इंजीनियरों द्वारा कमीशनखोरी की जा रही है। पुलियों का निर्माण बिना किसी तकनीकी मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जिसकी जांच होनी चाहिए। वहीं सरपंच संघ ने बताया कि क्षेत्र में आवास मिशन कुटीर निर्माण, मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा, कर्मकार प्रसूती सहायता एवं मनरेगा में उक्त कार्यालयों द्वारा जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।
मनरेगा का पैसा तीन प्रतिशत के कमीशन पर 1 से 2 माह में मिलता है। एवं तकनीकी स्वीकृति कार्यपूर्ति प्रमाण पत्र जारी करवाने पर तीन प्रतिशत कमीशन देना पड़ता है। मुख्यमंत्री ग्रामीण मिशन के तहत कुटीर निर्माण हेतु आवास के पट्टे तहसील कार्यालय से हजार एक रुपए में बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों में योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जाए। ताकि गरीब लोग योजनाओं का लाभ ले सकें।
अस्पताल से हो रही गंदगी
जनसुनवाई में राजीव जैन, शशि जैन आदि रजाखेड़ी निवासियों ने आवेदन दिया कि अंकुर कालोनी रिहायशी इलाके में अरिहंत अस्पताल खुलने से अस्पताल की गंदगी से आस पास के निवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर हो रहा है । वाहन खड़े रहने से आना जाना मुष्किल हो गया है। अस्पताल की गंदगी से बच्चों में बीमारी व इन्फेक्षन हो रहा है। उन्होंने उक्त अस्पताल को हटवाये जाने का अनुरोध किया । इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को न्यायोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये ।
वालेन्टियर सेवाएं दें
जनसुनवाई में सागर विकासखंड क्षेत्र के मोबाईल स्त्रोत सलाहकार व वालेन्टियरों ने आवेदन दिया कि उन्हें नियमित मानदेय नहीं दिया जाता है। उन्होंने उल्लेख किया कि सर्वशिक्षा अभियान और अवसर पुर्नवास अनुसंधान के अनुबंध से सभी मोबाईल स्त्रोत सलाहकार व वालेन्टियर सेवायें दे रहे है। उन्होंने विगत तीन माह का वेतन दिलवाये जाने का अनुरोध किया । इस संबंध में जिला समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये । जनसुनवाई में रमेश कुमार पटैरिया ने आवेदन दिया कि ग्राम पंचायत गढ़ौली जवाहर के सरपंच के विरूद्ध कलेक्टर न्यायालय द्वारा 19.10.2010 को पद का दुरपयोग का दोषी मानते हुए संबंधित सरपंच से 23075 रुपए वसूली करने के आदेश पारित हुये थे । उन्होंने कलेक्टर न्यायालय के आदेश का पालन कराकर न्यायोचित हित में सरपंच से 23075 रुपए की वसूली कराये जाने का अनुरोध किया। इस संबंध में सी.ई.ओ. जिला पंचायत को आवश्यक कार्यवाही के निर्देष दिये गये ।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें