सागर। सांसद भूपेन्द्र सिंह ने आज लोकसभा में प्रस्तुत आम बजट को निराशाजनक एवं दिशाहीन बताते हुए कहा कि बजट में मध्यप्रदेश के साथ अन्याय किया गया है। सांसद भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि संसद में प्रस्तुत बजट में नया कुछ भी नहीं है। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सडक परियोजना के फेस-2 में सम्मिलित नहीं किया गया।
बजट में बुन्देलखंड पैकेज की न तो अवधि बढ़ाई गई और न ही राशि दी गई है। बुन्देलखंड की महत्वपूर्ण केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को भी बजट में शामिल नहीं किया गया। सांसद श्री सिंह ने कहा है कि बजट में कृषि, सिंचाई और युवाओं के बारे में भी कोई योजना नहीं है। बुन्देलखंड के बीड़ी उद्योग को पुर्नजीवित करने के लिए भी कोई योजना बजट में नहीं है। बुन्देलखंड के औद्योगिक विकास के लिए करों में छूट का प्रावधान नहीं किया गया। आम आदमी को राहत देने के बजाय बजट में ऐसे प्रावधान किए गए हैं जिससे देश में महंगाई और बढ़ेगी।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें