गुरुवार, 3 जनवरी 2013

नगरीय क्षेत्र की सड़को की बेहतरी के लिए योजना क्रियान्वित होगी


सागर। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री नागेन्द्र सिंह ने आज सागर में 2 करोड़ 98 लाख रुपए अनुमानित लागत से निर्मित होने वाली 5.5 किमी लम्बाई के सड़क निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन कर आधारशिला रखी । इस अवसर पर सांसद भूपेन्द्रसिंह ठाकुर, विधायक शैलेन्द्र जैन व श्री प्रदीप लारिया, महापौर श्रीमती अनीता अहिरवार, मार्कफेड उपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र पाठक, पार्षद गंगाराम, देवका विश्वकर्मा, मेघा दुबे, वृन्दावन अहिरवार आदि अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकजन मौजूद थे ।


गुरूवार को सागर में संपन्न पगारा सड़क निर्माण कार्य के शिलान्यास समारोह में लोक निर्माण मंत्री नागेन्द्र सिंह ने कहा अकेले सागर जिले में विगत 7-8 वर्षो में वर्ष 2003 के बाद 684 किमी की 70 सड़कों का निर्माण कराया गया जिसमें 178 करोड़ की राशि खर्च हुई । आज जिले में 432 किमी की 210 करोड़ लागत की 47 सड़कों का कार्य निमार्णाधीन है। जिले में मजबूती मद से 16 सड़कों पर 22 किमी में 78 करोड़ राशि व्यय की गई है। जिले में 370 किमी सड़कों में पेचवर्क भी कराया गया है । उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में 5000 करोड़ की सड़कों के कार्य स्वीकृत है जिन पर काम चल रहा है । 

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार ने कार्यभार संभाहते हुए सड़कों के निर्माण के लिए पूर्व में प्रावधानित बजट 600 करोड़ को बढ़ाकर 8000 करोड़ बजट प्रावधान किया है। ताकि प्रदेश में सड़कों का निर्माण हो। प्रधानमंत्री सड़क निर्माण की राशि नहीं मिलने के कारण प्रदेश सरकार ने अपने संसाधन से हर गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सड़क योजना प्रारंभ की । प्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वित महिला सशक्तिकरण योजना के लिए मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली । 

मध्यप्रदेश में 18 प्रतिशत कृषि विकास दर होने पर मुख्यमंत्री को विष्व बैंक के समक्ष अपने सुझाव देने आमंत्रित किया गया । लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि अभी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर ध्यान दिया था अब नगरों और शहरी क्षेत्रों की सड़कें  भी बेहतर बनाई जाए । इस हेतु प्रदेश स्तर पर योजना तैयार हो गई है और शीघ्र ही नगरों की सड़कों की हालत सुधारने के लिए क्रियान्वयन भी होगा। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विकास और सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे हो इस हेतु कड़े नियम भी बनाए गए है।

श्री सिंह ने कहा सागर विधायक ने पगारा मार्ग के 900 मीटर लम्बाई की सीसी रोड को 1800 मीटर तक बढ़ाने और सीसी रोड की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर करने के संबंध में तकनीकि आधार पर चर्चा होगी और इसके बाद  इस प्रस्ताव को पूरा कराने की घोषणा के साथ कार्य भी पूरा कराया जाएगा । 

विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री ने जब से कार्यभार संभाला अनेक योजनाएं सागर जिले को दी है । इसी क्रम में उन्होंने राजश्री वायपास निर्माण, संजय ड्राइव में 500 मीटर शेष सड़क निर्माण हेतु 35 लाख की राशि, जिला चिकित्सालय में अंदर की सड़कों हेतु 1.25 करोड़ की राशि स्वीकृत की है । श्री जैन ने कहा कि पगारा मार्ग की सीसी रोड की लम्बाई 900 मीटर से 1800 मीटर और चौड़ाई 3.75 मीटर से 7 मीटर किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सागर बरेली सुल्तानगंज सड़क को एनएच 86 एवं एनएच 26 तक जोड़े जाने और सिविल लाईन से तिली मार्ग के शेष कार्य हेतु राशि उपलब्ध कराने की मांग लोक निर्माण मंत्री से की।

समारोह में महापौर श्रीमती अनीता अहिरवार ने स्वागत भाषण दिया साथ ही सुभाष नगर वार्ड में 35 लाख लागत के विकास कार्य नगर निगम के माध्यम से कराए जाने की घोषणा भी की। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री नागेन्द्र सिंह ने स्थानीय सुभाष नगर वार्ड में निर्मित डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...