सागर। बुधवार शाम होटल रामसरोज पैलेस में गोली लगने से हुई युवा कांग्रेस नेता अभिषेक दुबे की मौत के बाद गुरुवार को हजारों लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। राजनैतिक क्षेत्र के लोगों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र एवं आमलोग अभिषेक की अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
गुरुवार की सुबह पुलिस ने अभिषेक का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मोतीनगर क्षेत्र स्थित नरयावली नाका श्मशानघाट में अभिषेक अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान अभिषेक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गौरतलब है कि बुधवार की शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसरोज पैलेस में अभिषेक अपने दोस्त अनीश रावत की शादी समारोह गया हुआ था। अनीश जिला अदालत में कार्यरत है। जिस कारण शादी समारोह में न्यायालय से जुड़े तमाम अधिकारी शामिल थे।
इस बीच किसी की बंदूक से अचानक गोली चल गई जो अभिषेक को लगी। तुरंत ही अभिषेक को तिली अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद तिली अस्पताल में राजनैतिक क्षेत्र के लोगों के अलावा आम लोगों की भीड़ लग गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। और सवाल खड़ा कर दिया कि क्या शादी समारोह में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन जायज है। पुलिस ने इस मामले में डॉ. पीएस ठाकुर एवं उनके नजदीकी रिश्तेदार मर्तण्ड सिंह पर हत्या का मामला दर्ज किया है। हालांकि गुरुवार तक पुलिस इन लोगों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
2010 में खुरई में भी हुई थी मौत
21 जून 2010 को खुरई सिंधी कालोनी में शादी समारोह के दौरान चली गोली से भी एक युवक की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार सेमरा गनपत निवासी दीपक पिता वीर सिंह उम्र 18 वर्ष की मौत शादी समारोह के दौरान चली गोली के कारण हुई थी। वह 12वीं के एक्जाम पास कर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था। वह वीरसिंह का एक लौता पुत्र था।
कांग्रेसजन हुए अंतिम यात्रा में शामिल
युवा कांग्रेस महामंत्री तथा भाराछासं के पूर्व प्रदेश महासचिव अभिषेक दुबे को गोली लगने से हुए आकस्मिक निधन से पूरे कांग्रेस परिवार को अपूर्णीय क्षति हुई है। उनके अंतिम संस्कार में हर स्तर के प्राय: सभी कांग्रेसजनों ने हिस्सा लेकर अपनी अंतिम विदाई दी। जिलाध्यक्ष रेखा चौधरी ने शोक संतप्त परिवार के बीच पहुंचकर अपनी सांत्वना देते हुए कहा कि उन्होंने अभिषेक के रूप में एक सहज, सरल, कर्मठ और बहादुर साथी खो दिया, जो उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कर परिजनों से धैर्य और साहस बनाए रखने का अनुरोध किया। इस दौरान त्रिलोकी कटारे, डॉ. संदीप सबलोक, मुन्ना चौबे, दीनदयाल तिवारी, द्वारका चौधरी, राखी चौधरी, प्रो. आरपी गौतम, डॉ. रणवीर सिंह, शैलेन्द्र तिवारी, अंकुर गौतम, रमेश राजपूत, आदि ने भी उनकी पार्थिक देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी अंतिम विदाई दी।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें