खुरई। नगरवासियों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहले घरों और दुकानों की चोरी उसके बाद मोटर साइकिलें फिर चार पहिया वाहन के बाद अब नगर में ठग भी सक्रिय हो गए हैं। शर्मा वार्ड निवासी एक महिला को जेवरो की सफाई के पावडर बेचने वालों ने सफाई के बहाने 50 हजार के जेवरों की ठगी की है।
शर्मा वार्ड निवासी रंजना पति संदीप तोमर उम्र 26 वर्ष ने थाने में आकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि सोमवार को लगभग 11.30 बजे पीताम्बर पावडर का प्रचार करने वाले दो युवकों ने जेवर साफ करने का डेमो बताकर उससे ठगी की है। महिला ने बताया कि दो युवक घर पर आए और पीताम्बर पावडर का प्रचार कर बताया कि इससे जेवर वहुत अच्छे से साफ हो जाते है।
महिला ने अपना मंगल सूत्र,सोने का पेंडल,सोने का छल्ला और गुरिया वाला मंगल सूत्र साफ करने के लिए दिए। एक बर्तन में पानी मंगाकर जेवरों को पावडर लगाकर उसमें डालकर दस मिनट के लिए गैस पर गर्म करने के लिए कहा। लेकिन उसने दो तीन मिनट बाद ही बर्तन में देखा तो जेवर नहीं थे। बाहर आकर देखा तो दोनो युवक गायब थे। जेवर लगभग 50 हजार की कीमत के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के बाद जांच और आरोपियों की तलाश शुरूकर दी है। थाना प्रभारी हेमंत शर्मा ने बताया कि शिकायत के बाद मामला जांच में लिया है और बताए गए हुलिया के आधार पर क्षेत्र में खबर कर तलाश शुरू कर दी है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें