शनिवार, 9 मार्च 2013

अपनी व्यथा से लेकर स्वालम्बन तक की कथा सुनाई महिलाओं ने

सागर। जिले के तहसील मुख्यालय गढ़ाकोटा में 7 मार्च से चलने वाले बहुआयामी रहस-लोकोत्सव के तीसरे दिवस आज महिला स्व सहायता समूहों का जिला स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न हुआ । प्रदेश के पंचातय एवं ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय मंत्री श्री गोपाल भार्गव की अध्यक्षता तथा मकरोनिया सरपंच श्रीमती लता वानखेडे़ के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न इस सम्मेलन में स्वसहायता समूह की महिलाओं ने खुलकर अपने विचार रखें । 

सम्मेलन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित किया कि वे नि:संकोच होकर अपनी उपलब्धियां बताएं तथा समस्याएं भी खुलकर बताए जिनका निराकरण हो सके । आपने कहा कि ग्रामीण अजीविका परियोजना और गरीबी उन्मूलन परियोजना के तहत स्वसहायता समूहों की महिलाओं ने आर्थिक स्वालम्बन के अच्छे कार्य किए है । 

उन्होंने बताया कि पहले ग्रामीण अजीविका परियोजना प्रदेश के 9 आदिवासी जिलों में स्वीकृत थी किन्तु इस मद में उपलब्ध राशि के ब्याज से गढाकोटा रहली क्षेत्र में यह परियोजना स्वीकृत कराई गई है । इस योजना में हमने 408 सिलाई मशीने महिलाओं को उपलब्ध कराकर रोजगार से जोड़ा है । आपने कहा कि अन्य रोजगार कार्यक्रमों व गतिविधियों के लिए महिला के नाम से चेक दिया गया ताकि राशि का दुरूपयोग ना हो । 

आपने कहा कि महिलाए आर्थिक स्वालम्बित हो और आमदनी का उपयोग परिवार के पुरुष को दुरूपयोग नहीं करने दें। आपने कहा कि नारी अपनी आदि शक्ति पहचाने और इतनी समर्थ हो जाएं कि उन्हें किसी पुरूष के सामने हाथ ना फैलाना पडे बल्कि परिवार के पुरूष सदस्यो की मदद करने महिलाए समर्थ हो जाएं । आपने कहा कि और भी जो महिला समूह बनाकर काम करना चाहेगी उन्हें भी योजना में जोड़ा जाएगा तथा योजना में फण्ड की कमी नहीं आने दी जाएगी । 

समारोह में जगदीश लहरिया व अभिषेक भार्गव ने भी अपने विचार रखें। ग्रामीण आजीविका परियोजना राज्य इकाई की डा.सविता जैन और डी.पी.आई.के राज्य समन्वयक मनोजसिंह ने परियोजना की जानकारी दी। पूर्व में अतिथिजनों ने मां सरस्वती की वंदना कर सम्मेलन का शुभारंभ किया और युवा नेता अभिषेक भार्गव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया । इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती यशोदा कोरी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रामेश्वरी जाटव,पार्षद श्रीमती फूला बाई यादव, म.प्र.लद्युवनोपज संघ के उपाध्यक्ष श्री महेश कोरी, श्री बसन्त यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री मनोज तिवारी, अन्य जनप्रतिनिधि, 350 महिला समूहों की लगभग 5 हजार महिला सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।

महिलाओं ने दी खुलकर जानकारी

गढ़ाकोटा के रहस-लोकोत्सव मेले में शनिवार को सम्पन्न महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन में महिला सदस्यों ने खुलकर अपनी बातें बताई । इसी कड़ी में ग्राम चादौनी की राजा स्वसहायता समूह की श्रीमती मीना प्रजापति ने बताया कि वे ससुराल में परेशान थी और अपनी तीन बेटियों को लेकर मायके आ गई । पहले सिर पर टोकनी रखकर सब्जी बेची, फिर थैले में मनिहारी का सामान ।

 इसके बाद वे परियोजना से जुड़ी और उन्होंने महिला समूह बनाया फिर उन्हें रोजगार के लिए पहले 10 हजार की राशि मिली । उन्होंने इस राशि से रोजगार किया परिवार चलाया और बचत भी की । आज वे स्वालम्बी हैं और उनके पति उन्हें स्वयं घर ले जाने तैयार है । उन्होंने आर्थिक स्वालम्बन के साथ अपनी नारी शक्ति पहचानकर समाज सुधार के लिए कार्य की जानकारी भी दी । उन्होंने बताया कि उनके गांव में एक वाहन रोज शराब बेचने आता था। एक दिन मैने स्कूल के बच्चों को जब अपनी बाटल से पानी पीकर शराबी की एक्टिंग करते देखा तो वे स्तब्ध रह गई और उन्होंने ठान ली कि वे गांव में शराब बिक्री रोकेगे ।

 इस वाक्या के दूसरे दिन जब शराब लेकर गांव में गाड़ी आई तो उन्होंने एक हाथ में डण्डा लेकर बाहन के साथ बैठे लोगो को धमकाया कि यदि गांव में शराब बेची तो वे उनका सिर फोड देगी । इसमें गांव की अन्य महिलाओं ने उनका साथ दिया और गांव में शराब ब्रिकी बंद हो गई । उन्होंने आगे भी शराब ब्रिकी रोकने का काम करने की इच्छा जाहिर की । इसी तरह ग्राम की संजरा लक्ष्मी प्रजापति और माया ने भी स्व सहायता समूह से जुड़कर आर्थिक स्वालम्बन की अपनी कहानी बताई । 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...