शनिवार, 9 मार्च 2013

घोटाले में लिप्त अधिकारियों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज हो

सागर। कांग्रेस नेतृत्व वाली केन्द्र की यूपीए सरकार द्वारा जारी राशि के माध्यम से सागर संभाग में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया हजारों क्विंटल गेहूँ प्रदेश की भाजपा सरकार और खाद्यान्न माफिया की सांठ-गांठ से सरकारी गोदामों से गायब कर खुले बाजार में कालाबाजारी द्वारा बेचकर गरीबों के पेट पर सीधे तौर पर डाका डाला गया है। इस घोटाले में लिप्त जिम्मेदार अधिकारियों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने प्रदेश भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लंबे समय से इस बात को लगातार उठा रही है कि बुंदेलखण्ड क्षेत्र भाजपा के भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। यह बात उक्त अनाज घोटाला सामने आने से स्वयं ही प्रमाणित हो गई है। 

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा अन्नदाता किसानों को उनकी मेहनत का वाजिब हक दिलाने के लिए जारी की गई राशि से समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी में सागर समेत संभाग के टीकमगढ़ और छतरपुर में बड़े स्तर पर कालाबाजारी और घोटाला सामने आया है। इस घोटाले में सरकारी रिकार्ड के अनुसार समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूँ में से केवल सागर में ही साढ़े तेईस हजार क्विंटल गेहूँ सरकारी गोदामों में न पहुँचा कर सरकारी संरक्षण मे पल रहे अनाज माफिया के द्वारा गायब कर मंहगे दामों में खुले बाजार मे बेचा गया है, जो गरीब जनता के पेट पर सीधे तौर पर डाका है।

उक्त घोटाला सामने आने के बाद जिला अध्यक्ष रेखा चैधरी ने तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि गरीब जनता के हितों के साथ लगातार किए जा रहे खिलवाड़ को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस गंभीर अनाज घोटाले के लिए जिम्मेदार नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधकों के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी बर्खास्तगी की मांग करते हुए मंगलवार 12 मार्च से जन-आंदोलन प्रारंभ करने की घोषणा की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...