शनिवार, 9 मार्च 2013

नवोदय में दसवीं की छात्रा को लगा करंट

खुरई। नगर में स्थापित आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालय में अनियमितताएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन विद्यालय में व्याप्त अनिमितताएं सामने आती रहती हैं। इसी अनुक्रम में शुक्रवार के दिन दोपहर 3 बजे कक्षा दसवीं   की छात्रा अनुप्रिया दुबे को विद्यालय के सभाग्रह में बिजली का करेंट लगा।

छात्रा के अभिभावक एसएस कौशिक ने बताया कि छात्रा को करेंट लगने की सूचना उसकी मां द्वारा उन्हें दी गई जिसे सुनकर उन्हें बड़ा आघात लगा। लोकल अभिभावक 75 वर्षीय एसएस कौशिक ने बताया कि वे हृदय की बीमारी से ग्रसित हैं एवं इस तरह की खबर सुनकर वे बेचैन हो उठे और उन्होनें प्राचार्य से छात्रा के कुशलक्षेम पूछना चाही तो प्राचार्य द्वारा फोन काट दिया गया। 

एसडीएम को सूचित करने के उपरांत प्राचार्य से छात्रा के स्वास्थ्य संबंधी बात हो सकी। श्री कौशिक ने बताया कि इस घटना से छात्रा हतोत्साहित हुई और बुरी तरह से घबरा गई है वह भी ऐसे समय जब परीक्षाएं सर पर हैं। उन्होनें आरोप लगाते हुए बताया कि जब सरकार विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं मुहैया करा रही है फिर इस तरह से घटनाएं घटित होना विद्यालय प्रबंधन की नाकामी की ओर इशारा करता है। उन्होनें भविष्य में इस तरह की घटनाएं घटित न होने की मांग की है।

कई बार विवादो में आया विद्यालय

पिछले कुछ दिनों से यह आवासीय विद्यालय किसी न किसी घटना को लेकर सुर्खियों में बना रहा है। 24 नवंबर 2012 को विद्यालय के लिपिक द्वारा एक शिक्षक की जमकर पिटाई की थी, इसमें शिक्षक की आंख जाते जाते बची, इस घटना के दो माह बाद ही छात्रावास का पंखा गिरने की बात सामने आई गनीमत रही कि इस घटना में किसी छात्र को कोई चोट नहीं आई। इसी तरह  6 मार्च को प्राचार्य सहित तीन शिक्षकों द्वारा दसवीं के छात्र को बुरी तरह से पीटने और धूप में 5 घंटे खड़ा करने का मामला सामने आया।

इनका कहना है
छात्रा को करंट लगने और छात्र की शिक्षकों द्वारा पिटाई की घटना की जानकारी प्राचार्य से ली जाएगी, यदि बड़ी अनियमितता पाई गई तो कार्रवाई भी होगी।
 डॉ. एम कलीम 
डिप्टी कमिश्नर क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...