शुक्रवार, 14 दिसंबर 2012

बहिन पर लगाया मां की हत्या का आरोप

केसली।  गुरुवार की सुबह केसली थाना क्षेत्र के ग्राम पटनादेवरी में एक 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा अपनी बेटी के पास पिछले चार माह से रह रही थी। हालही में उसने अपनी जमीन बेटी के नाम की थी। वृद्धा के जब लड़कों को मौत की खबर मिली तो सभी भाईयों ने एकत्रित होकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और अपनी मां की हत्या की आशंका जताई।

उन्होंने अपनी ही बहन पर मां की हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली भी सामने आई। सूचना देने के बाद भी पुलिस करीब तीन घंटे देरी से पहुंची। शव को पोस्टमार्टम भेजने के लिए व्यवस्थाएं करती रही और पूरा दिन निकल गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब 9.30 बजे ग्राम देवरी में 70 वर्षीय कौशल्याबाई की मौत हो गई। वह अपनी बेटी सकुनबाई के यहां पिछले चार माह से रह रही थी। वृद्धा ने दो एकड़ जमीन हालही में सकुन के नाम की थी। मां की मौत की खबर सुनते ही वृद्धा के लड़के कैलाश दुबे, अनिरुद्ध दुबे, रामविलास दुबे, गोविंद प्रसाद दुबे घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि जायदात के चक्कर में उसकी बहिन सकुन ने ही मां की   हत्या की है।

पुलिस ने दिखाई सुस्ती


स्थानीय लोगों का आरोप है कि वृद्धा की मौत के बाद केसली थाना पुलिस को फोन पर सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस देर से पहुंची। करीब 12 बजे पुलिस को जानकारी दी गई थी और पुलिस तीन घंटे देरी से घटना स्थल पर पहुंची। इसी बीच पुलिस कागजी कार्रवाई करती रही। और शाम के 5 बज गए। पुलिस ने शव को करीब 5.30 बजे पोस्टमार्टम के लिए केसली भेजा। लेकिन चौबीस घंटे बाद वृद्धा का पोस्टमार्टम हो सका। पुलिस की लापरवाही से वृद्धा का पोस्टमार्टम शुक्रवार को सुबह किया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हत्या की सूचना के बाद भी पुलिस ने निष्क्रियता दिखाई। क्षेत्र के लोगों में केसली थाना पुलिस की कार्रवाई से आक्रोश है।

परिवार में जमीनी विवाद


थाना प्रभारी केसली रमेश शाक्य ने बताया कि वृद्धा की मौत के बाद उनके लड़कों ने अपनी ही बहिन सकुन पर हत्या का आरोप लगाया था। परिवार में जमीनी विवाद चल रहा है। चार भाईयों ने साढ़े पांच-साढ़े पांच एकड़ जमीन अपने नाम कर ली है। जब वृद्धा ने दो एकड़ जमीन उनकी लड़की सकुन के नाम की तो भाइयों को यह गवारा नहीं गुजरा। भाइयों द्वारा जो हत्या का आरोप अपनी बहिन सकुन पर लगाए गए हैं उनका कोई साक्ष्य नहीं है। वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...