शनिवार, 29 दिसंबर 2012

नहीं हटी शराब की दुकान, अधिकारियों ने दो माह का दिया था आश्वासन

खुरई। सराय काम्पलेक्स स्थित देवी मंदिर के पास स्थित शराब की दुकान को हटाने के लिए प्रशासन ने दो माह का समय प्रदर्शनकारी युवकों को दिया था लेकिन प्रशासन यह दुकान दिए गए समय में नहीं हटा सका। दुकान अभी भी उसी जगह से चल रही है।

 अक्टूबर माह में नगर के कुछ युवाओं ने सराय काम्पलेक्स में   स्थित देवी मंदिर के ठीक सामने बनी अंग्रजी शराब की दुकान को हटाने को लेकर आंदोलन किया था जो सात दिन तक चला आंदोलन में युवकों ने भूख हड़ताल भी की। ये सभी युवक अरविंद केजरीवाल के समर्थक और समाजसेवी बताए जा रहे हैं। प्रशासन के कई आष्वासन मिलने के बाद भी युवक दुकान बंद कराए बिना मानने वाले नहीं थे। जिससे आंदोलन प्रदर्शन में बदलने लगा।

कोई नतीजा न निकलते देख युवकों ने दहशरा के दिन आंदोलन को उग्र करते हुए परसा चैराहे पर चक्का जाम लगा दिया इसमें वार्ड की महिलाओं ने भी सड़क पर भजन करके विरोध में सहयोग किया गया। प्रशासन और युवकों के बीच एक वार्ता भी हुई लेकिन विफल रही। तात्कालीन एसडीएम कर्मवीर शर्मा ने सराय काम्पलेक्स पर आकर युवकों को दुकान हटाने का आश्वासन दिया था लेकिन युवक लिखित आश्वासन चाहते थे। चक्का जाम लगातार जारी रहा मजबूरी में जिला आबकारी अधिकारी आरके जैन को भी युवकों को समझाने आना पड़ा एक बार फिर वार्ता हुई। लेकिन फिर विफल रही। 

शाम लगभग चार बजे बिना किसी आदेश के युवकों पर लाठी चार्ज भी किया गया था जिसमें एक दस वर्ष का बच्चा भी घायल हुआ था। इस मामले में चार युवकोें शिशिर अग्रवाल,भरत अग्रवाल,पुष्पेंद्र सिंह और अरविन्द साहू की गिरफ्तारी हुई थी। जेल में भी उनका अनशन जारी रहा। जमानत मिलने के बाद अरविन्द केजरीवाल की पार्टी के जिला अधिकारियों ने अनशन समाप्त कराया था।
 
इस संबंध में शिशिर अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन ने वादा खिलाफी की है। सोमवार को एसडीएम को इस आशय का ज्ञापन सौंपकर उनके वादे को याद कराकर दुकान हटाने के लिए पुन: मांग की जाएगी।
 
इनका कहना है ऐसे मामलों में थोड़ी बहुत देर हो जाती है आबकारी अधिकारी और दुकान संचालक को बुलाकर इस मामले की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा और दुकान को शीघ्र हटाया जाएगा।
 
कमल सोलंकी, एसडीएम खुरई

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...