शनिवार, 22 दिसंबर 2012

महासम्मेलन की तैयारी बैठक में प्रदेशाध्यक्ष के सामने भिड़ गए कांग्रेसी

सागर। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का सपना देख रही कांग्रेस पार्टी का सपना उस समय टूटता नजर आया जब मंच पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की उपस्थिति में ही दो बड़े नेता आपस में उलझ गए। शुरुआत में विवाद हुआ देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंच पर ही कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

कार्यकर्ताओं के बीच झूमा झटकी तक हो गई। प्रदेशाध्यक्ष कांतिलाल भूरिया की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि अब कांग्रेस नेता इसे पार्टी में कार्यकर्ताओं की मामूली नोक-झोंक बता रहे हैं।

दरअसल शनिवार को मोतीनगर स्थित आदर्श गार्डन में 27 दिसंबर को होने वाले कांग्रेस के महासम्मेलन को लेकर तैयारियों की बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया बैठक ले रहे थे। महासम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने एवं क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति को मजबूत करने को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा था। स्थानीय कांग्रेसी नेता मंच के माध्यम से अपने विचार रख क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की स्थिति को बता रहे थे। इसी बीच मंच पर बोलने को लेकर कांग्रेसी नेता हर्ष यादव एवं विजय साहू के बीच विवाद हुआ। 

देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों नेताओं के बीच झूमा झटकी तक हो गई। अनुशासन की बिगड़ता देख अन्य कांग्रेसी नेता भी एक दूसरे के पक्ष में हो गए। और मंच पर ही नेताओं के बीच जमकर पक्षपात देखा गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील तिवारी ने बताया कि बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच नोक-झोंक हुई थी। श्री तिवारी ने कहा कि उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष के सामने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने एवं कार्यकर्ताओं की स्थिति के विषय में बताया था। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन लाने के लिए क्षेत्र में संघर्ष करना होगा। कार्यकर्ताओं के विषय में भी सोचना होगा। जब तक संघर्ष नहीं किया जाएगा तब तक कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाएगी। कहा जा रहा है कि कांग्रेस की बैठक में हर्ष यादव, विजय साहू, अशोक श्रीवास्तव, सुशील तिवारी, जीवन पटेल सहित कई कांगे्रस नेताओं के बीच बहस हुई है। वहीं कांग्रेस में दिखी इस गुटबाजी से स्पष्ट हो गया है कि जिले की कांग्रेस पार्टी कई खेमों में बंटी हुई है। जिले में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विरोधी पार्टी के साथ-साथ स्वयं की पार्टी में भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

प्रदेशाध्यक्ष का हुआ स्वागत


जिला शहर कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष श्रीमती रेखा चौधरी के द्वारा प्रदेशाध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के आगमन पर स्वागत किया गया। ब्लाक एक अध्यक्ष शरद पुरोहित के साथ पूर्व विधायक प्रकाश जैन, उत्तमचंद खटीक, अरुण मिश्रा, गोवर्धन रैकवार, सत्यम मिश्रा, हेमराज रजक, बब्बू यादव, मोहनलाल पटेल, आरिफ खान सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे। 27 दिसंबर को महासम्मेलन को लेकर रुपरेखा बनाई गई। ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए चर्चा की गई। इस कार्य के लिए सभी वार्डो में जनसंपर्क किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...