शनिवार, 29 दिसंबर 2012

ओवर लोडेड वाहन कर यातायात व्यवस्था चौपट

बीना। प्रशासनिक अधिकारियों की अक्षमता के चलते शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। बिगड़ी यातायात व्यवस्था से हो चुकी मौतों के बावजूद अधिकारी अभी भी गंभीर नहीं हैं। दिन के समय शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाए जाने से रोजाना कुछ न कुछ छोटी-बड़ी घटनाएं घट रही हैं।

ओवर लोडेड वाहन शहर के बीचों बीच से दिनदहाड़े बेधड़क गुजर रहे हैं। भारी वाहनों पर दिन के समय में निकलने पर पाबंदी न लगाए जाने से आम जनों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

शहर में दिन के समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर बंदिश नहीं होने से लगातार घटनाओं में इजाफा होता जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी घटनाओं से सबक नहीं ले रहे हैं। दिन के समय में भारी वाहनों के बीच शहर में गुजरने से हर चौराहे पर जाम लगना आम बात हो चुकी है। अधिकारियों द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायतें बैठकों तक ही सीमित रहती है। बैठकों के माध्यम से यातायात दुरुस्त करने की बातें तो बड़ी-बड़ी की जाती हैं, मगर बैठक के बाद किसी भी बात पर अमल नहीं किया जाता है।

तेजी से बढ़ रही वाहनों की संख्या


तेजी से वाहनों की तादात दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। शहर की यातायात व्यवस्था पहले से ही बदहाल है। यातायात व्यवस्था पर पुलिस का जरा भी अंकुश नहीं है। इस पर दिन के समय शहर के बीच से निकल रहे ओवर लोडेड भारी वाहन परेशानी का सबब बन रहे हैं। यह ओवर लोडेड वाहन पुलिस की आय का जरिया बन चुके हैं। दिन में सैंकड़ों की संख्या में क्षमता से अधिक रेत से भरे ट्रक बेहिचक शहर से गुजर रहे हैं। क्षमता से अधिक माल भरे ट्रक दुर्घटनाओं को न्यौता देते पुलिस की आंखों के सामने से गुजर रहे हैं। मगर पुलिस इन भारी वाहनों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। भारी वाहनों से उड़ रही धूल सड़क किनारे के दुकानदारों को मुसीबत बन चुकी है। रिफाइनरी, जेपी एवं पॉवर ग्रेड जैसे संयंत्र स्थापित होने के बाद भारी वाहनों के अलावा दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।

नहीं बना वायपास


औद्योगिक क्षेत्र के रुप में पहचान बना चुके बीना शहर में यातायात व्यवस्था को देखते हुए अभी तक वायपास रोड का निर्माण न किए जाने से यातायात व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका 24 घंटे बनी रहती है।

पहले लगा था प्रतिबंध


तत्कालीन एसडीएम ओपी सोनी ने दिन के समय भारी वाहनों के शहर में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन उनके तबादले के बाद स्वत: ही प्रतिबंध समाप्त हो गया। तब से लेकर आज तक किसी भी अधिकारी ने इस संबंध में नहीं सोचा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...