गुरुवार, 31 जनवरी 2013

क्षेत्र के धार्मिक स्थल चोरों के निशाने पर, प्रसिद्ध गढ़पहरा हनुमान मंदिर में चोरी

सागर। लोगों की आस्था का केन्द्र धार्मिक स्थल चोरों के निशाने पर हैं। विगत रात्रि क्षेत्र के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर गढ़पहरा में चोरों ने सेंध लगाई। भगवान के आभूषण सहित चढोत्तरी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। बीते एक माह में मंदिरों में चोरी की यह पांचवी घटना है। बदमाश एक-एककर मंदिरों पर धावा बोल रहे हैं। जिले का पुलिस प्रशासन इन वारदातों को रोकने में नाकाम है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात सागर से 6 किमी दूर स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर गढ़पहरा में चोरों ने मंदिर की शटर को तोड़कर भगवान के आभूषण चोरी कर लिए। बदमाशों ने मंदिर की दानपेटी से भी पैसे चुराए और भाग गए। मंदिर के महंत इसकी जानकारी सुबह लगी। लोगों ने केंट थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। गौरतलब है कि विगत दिनों सीहोरा, जरूआखेड़ा, गढ़ाकोटा, सागर सहित पूरे क्षेत्र में चोर मंदिरों पर धावा बोल रहे हैं। पुलिस न तो रात के समय चौकसी बढ़ा रही है और न ही बदमाशों को पकड़ने में रुचि दिखा रही है। लगातार मंदिरो में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। और पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी है। 


पिछली चोरी का खुलासा नहीं


प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़पहरा मंदिर में विगत 6-7 साल वर्ष पहले भी इसी तरह की चोरी हुई थी। मंदिर से जुड़े लोग बताते हैं कि जब पहले चोरी हुई तो पुलिस ने उन्हें आश्वास्त किया था कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा लेकिन अभी तक चोरी का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है। वहीं एक बार फिर गढ़पहरा मंदिर में चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली को स्पष्ट करता है। लोगों ने बताया कि यह मंदिर काफी प्रसिद्ध है लोगों की आस्था का केन्द्र माना जाता है। यहां पर पुलिस की निगरानी नहीं रहती है। जिसका फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम देते हैं। 


यह पांचवी घटना


बीते एक माह में मंदिरों में चोरी की यह पांचवी घटना है। हालही में सीहोरा के जैन मंदिर से चोरों ने दान पेटी पर हाथ साफ किया था। करीब 5 हजार रुपए की चढोत्तरी चोरों ने चोरी कर ली थी। वहीं जरूआखेड़ा हनुमान मंदिर से भगवान के सोने चांदी के आभूषण चुराए गए थे। परकोटा स्थित देवी मंदिर में भी विगत दिनों चोरों ने दानपेटी पर ही धवा बोला था और हजारों रुपए चढोत्तरी ले गए थे। गढ़ाकोटा के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय प्रचीन मंदिर की दानपेटी के चोरों ने ताले तोड़े और चढ़ोत्तरी ले गए। सभी मामले में पुलिस अभी तक कोई खुलासा नहीं कर पाई है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...