बुधवार, 12 दिसंबर 2012

शहर के फुटपाथ से फिर उठा अतिक्रमणकारियों का डेरा

सागर। शहर के परकोटा से लेकर तीनबत्ती और तीनबत्ती से लेकर मस्जिद व मस्जिद से लेकर राधा तिराहा तक प्रतिदिन लगने वाले ट्रेफिक जाम की स्थिति से गुजर रहे ट्रेफिक पुलिस और अधिकारियों ने मंगलवार को यहां फुटपाथ पर लगाए फुटपाथियों को हटाने की कार्रवाई शुरु की। दोपहर 3 बजे से शुरु हुई यह कार्रवाई शाम 6 बजे तक चलती रही। यह सब कार्रवाई पुलिस और निगम अमले के द्वारा की गई।

फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण के कारण यहां से निकलने वाले वाहन और राहगीरों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल टेÑफिक जाम हो जाता है बल्कि सारी व्यवस्थाएं गड़बड़ा जाती हैं। हालांकि फुटपाथ पर से अतिक्रमण हटने की कार्रवाई पहलीबार नहीं हो रही है। यहां से अतिक्रमण कई मर्तबा हट चुका है। लेकिन एक -दो दिन में माहौल शांत होने के बाद फुटपाथ पर फिर अतिक्रमण हो जाता है। दोपहर 3 बजे से सबसे पहले तीनबत्ती फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरु हुई। 

इस दौरान दुकानदारों ने इस पर अपना विरोध भी जताया। लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद उन्होंने अपनी दुकानों को उठा लिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना था कि फुटपाथ पर अतिक्रमण हो जाने के कारण एक तो राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती है दूसरी तरफ यहां से निकलने वाले वाहन भी बीच में फंसकर रह जाते हैं जो ट्रेफिक जाम की स्थिति निर्मित करते हैं। 

इसके बाद पुलिसबल यातायात पुलिस चौकी के बाजू में फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंचे तो यहां भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिन समझाइश के बाद फुटपाथियों ने धीरे -धीरे अपना डेरा उठाना शुरु कर दिया। यहां अधिकतर ऐसे दुकानदार हैं जो हाथ ठेला या फुटपाथ पर दुकान लगाकर रोजी-रोटी चलाते हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भीड़ भी एकत्रित हो गई थी। 

कार्रवाई के दौरान कोई व्यवधान उत्पन्न न हो इस कारण यहां बेरीगेस्ट भी लगा दिए गए थे। यहां से वाहन भीतर बाजार वाले सड़क से निकले। हालांकि बेरीगेस्ट मुश्किल से एक घंटे भी नहीं लगे रहे। इसके बाद पुलिस और निगम अमला गुजराती बाजार अतिक्रमण हटाने पहुंचा और राधा तिराहा तक अतिक्रमण हटाया गया।
इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद सोनकर ने बताया कि दोपहर से काफी पुलिसबल और निगम अमले की मौजूदगी में तीनबत्ती से लेकर राधा तिराहा तक अतिक्रमण हटवाया गया। यह सब व्यवस्था यातायात को दुरुस्त बनाने के लिए की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...