सागर/ गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरा में एक हैवान पति ने अपनी पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला। आरोपी ने घर के पास खेल रहे दो मासूम बच्चों को भी जिंदा जलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि मासूम बच्चे सही सलामत बच गए। बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं आरोपी पति फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
गढ़ाकोटा थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरा में सुबह करीब 11 बजे टिन्नू लोधी ने अपनी पत्नी सविता लोधी उम्र 28 वर्ष के ऊपर लांछन लगाते हुए मारपीट की और केरोसिन डालकर उसे जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। आग से झुलसी महिला किसी तरह अपने को बचाने की कोशिश करती रही लेकिन अधिक मात्रा में केरोसिन डाले जाने से वह अपने आपको आग से नहीं बचा पाई। आग में शरीर अधिक जल जाने के कारण घटना स्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी उसने घर के पास खेल रहे पड़ौसी के दो बच्चे कुमकुम उम्र 4 वर्ष लोकेन्द्र उम्र 2 वर्ष इन दोनों बच्चों को जलती हुई महिला के ऊपर फेंक दिया। जिससे दोनों मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनते ही लोग एकत्रित हो गए। आग को बुझाया गया। दोनों मासूमों को तिली अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोपी पति टिन्नू लोधी घटना के बाद फरार है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति पर 302, 307 का मामला दर्ज किया है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें