सागर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्लान तो खूब बनाता है लेकिन वह कब से लागू होगा इसकी उसे कोई चिंता नहीं है। ऐसे में प्रभावित वे लोग हो रहे हैं जो शहर घूमने आते हैं। अगर वह कार या मोटरसाइकिल से आ गए तो वे भले ही अपना समय निश्चित करके निकले हों लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं कि वह समय से अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच पाएंगे।
उन्हें इस बीच शहर की अवरूद्ध हो रही यातायात व्यवस्था से जूझना पड़ेगा। ट्रेफिक पुलिस यातायात को इस कारण कंट्रोल नहीं कर पा रही है क्योंकि न तो शहर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही नगर निगम का इस व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोई चिंता है। ऐसे में प्रतिदिन ट्रेफिक जाम की स्थिति बन रही है।
नगर निगम ने शहर में आने वाले वाहनों के पार्किंग के लिए पंडित मोतीलाल नेहरू स्कूल का परिसर चुना है लेकिन यह परिसर उसे मिल जाए यह कहना मुश्किल है। इस परिसर को देने स्कूल प्रबंधन ही तैयार नहीं है। प्रबंधन अगर स्कूल परिसर निगम को पार्किंग के लिए उपलब्ध करा देता तो फिर यहां पढ़ने वाले छात्रों के लिए खेले-कूंदने और इनके द्वारा लाए गए वाहन को रखने की समस्या होगी। अब यह परिसर निगम को आसानी से मिल जाए यह नहीं कहा जा सकता है। अब समस्या शहर में आने वाले वाहनों के पार्किंग को लेकर है। इसके लिए निगम को हर हाल में इसकी व्यवस्था तो करनी है। लेकिन वह इस पर अपना फाइनल निर्णय नहीं कर पा रहा है।
निगम सूत्रों का कहना है कि पं. मोतीलाल नेहरू स्कूल परिसर में पार्किंग को लेकर स्कूल प्रबंधन तो ठीक कतिपय जनप्रतिनिधि भी इसके पक्ष में नहीं है। अब ऐसे में यह परिसर पार्किंग के लिए मिल जाए मुश्किल है।
फिलहाल क्या हो सकती व्यवस्था
नगर निगम शहर में आ रहे वेतरतीब वाहनों की पार्किंग व्यवस्था फुटपाथ को छोटा करके बना सकती है। निगम सूत्रों का कहना है कि शहर में जो इस समय फुटपाथ बने हैं उस पर दुकानें लग जाती हैं। अगर इन्हें हटाया भी जाता है तो फिर दुकान लगा ली जाती हैं। ऐसे में जब फुटपाथ छोटा हो जाएगा तो फिर सड़क चौड़ी हो जाएगी। तो फुटपाथ हटने के बाद खाली जगह पर पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था हो सकती है। निगम सूत्रों का यह भी कहना है कि फुटपाथ इतना छोटा कर दिया जाएगा जिसमें सिर्फ लोग पैदल ही चल सकेंगे। लेकिन यह व्यवस्था भी कब तक हो सकेगी, इस पर निगम अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रहा है। फिलहाल शहर में यातायात व्यवस्था को कंट्रोल करने ट्रफिक पुलिस को इस समय जूझना पड़ रहा है।
इनका कहना है
पं. मोतीलाल नेहरू स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था करने का प्लान है लेकिन इसका भी विरोध हो रहा है। शहर का अतिक्रमण भी हर बार हटाया जाता है। अब इसकी सतत निगरानी की जरूरत है। अब तो शहर का फुटपाथ भी छोटा करने की तैयारी चल रही है।
सूर्यभान सिंह
आयुक्त, नगर निगम सागर



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें