सागर। कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा द्वारा प्राधिकृत अधिकारी अपर कलेक्टर पीएस जाटव ने मंगलवार को जनसुनवाई में 80 आवेदकों की समस्याएं सुनी और उन्हें निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
स्थानीय कलेक्टर कक्ष में सम्पन्न जनसुनवाई में पद्माकर नगर सागर के सुरेश कुमार गुप्ता ने आवेदन दिया कि उन्होंने मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकासमण्डल द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार डॉ.हरिसिंह गौर नगर कालोनी में निर्माणधीन भवनों के लिए पंजीयन हेतु 57 हजार रुपए की राशि चालान द्वारा जमा कराई थी और 31 अक्टूबर 08 को पंजीयन भी हो गया है। इसके अतिरिक्ति 23 जुलाई 2009 को उन्होंने 57 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि भी जमा की है ।
इस प्रकार आवेदक ने कुल 1 लाख 14 हजार रुपए की राशि भवन के आवंटन हेतु मण्डल में जमा करायी है । अब मण्डल कार्यालय सागर द्वारा 1 दिसम्बर 12 को पंजीयन निरस्त करने का नोटिस दिया गया है और मण्डल में जमा की गई राशि वापस लेने का दबाब डाला जा रहा है उन्होंने हाऊसिंग बोर्ड द्वारा की गई धोखाधडी की जांच कराने और आवेदक को नियमानुसार भवन आवंटित कराने का अनुरोध किया। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री हाऊसिंग बोर्ड को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए । जनसुनवाई में ग्राम धवोली के बालमुकन्द साहू और गुड्डा यादव आदि कृषको ने आवेदन दिया कि उनकी जमीन बुंदेललखण्ड पैकेज अंतर्गत जलाशय निर्माण के डूब क्षेत्र में आ गई इसके अतिरिक्त जो जमीन उनके पास रह गई है उसमें जलाशय के रिसाब से पानी रिसने के कारण दो फसलें नष्ट हो चुकी है । उन्होंने उचित मुआवजा दिलाने जाने का अनुरोध किया । इस संबंध में कार्यपालन यंत्री जलसंसाधन विभाग क्र. -2 को स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए ।
जनसुनवाई में ग्राम परगुंवा की श्रीमती नंदिता बंसल और ग्राम पिठौरिया की श्रीमती शांतिबाई बुन्देला ने आवेदन प्रस्तुत किया कि उन्होंने 16 नवम्बर 2011 को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बांदरी में नसबंदी आपरेशन कराए थे और इसके बावजूद वे दोनो पुन:गर्भवती हो गई है । उन्होंने बच्चो के लालन-पालन हेतु उचित मुआवजा राशि दिलाने का अनुरोध किया। इस संबंध में सीएमएचओ को निर्देशित किया गया कि दोनो महिलाओ के क्लेम प्रकरण बनवाएं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें