सागर। एक वर्ष का अंतराल छोड़ दें तो नगर निगम द्वारा यह छठवां आयोजन कराया जा रहा है। ये ऐसी संस्थाएं है। जहां वित्तीय साधन नहीं होते। जिन्हें खेल भावना से लगाव होता है वे ही ऐसे आयोजन कर पाते है। सागर शहर की खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए यह एक मात्र आयोजन है। ऐसे आयोजन से छुपी हुई खेल प्रतिभाएं आगे आती है इसलिए ऐसे आयोजन को चालू रखें।
यह बात पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव ने नगर निगम द्वारा आयोजित खेल महोत्सव 2013 का शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से जो भी मदद होगी वह करेंगे। राज्य सरकार भी खेलों को प्रोत्साहन दे रही है। इसलिए सरकार ने खेलों का बजट 200 करोड़ रुपए कर दिया है। राज्य सरकार की रूचि खेलों के प्रति है, अच्छे प्रतियोगी निकलें और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएं।
श्री भार्गव ने कहा कि हाकी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। खेलों के प्रोत्साहन हेतु सरकार ने शहरों में स्टेडियम बनाने तथा पीटीआई के अधिक पद भरने की योजना बनाई है। ग्रामीण स्तर पर 1लाख रुपए प्रत्येक ग्राम पंचायत को दी गई है। इससे ग्राम पंचायतें खेल मैदान तैयार कर सकती है। शहरों में खेलों के उत्थान के लिए सरकार ने प्रयास किए है उन्होंने खेल महोत्सव के आयोजन के लिए नगर निगम को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन होंगे तो राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाएं निकलेंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव, अध्यक्षता विधायक शैलेन्द्र जैन, विशिष्ठ अतिथि पूर्व मंत्री लक्ष्मी नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक अभय सिंह, महापौर श्रीमती अनीता अहिरवार, निगमाध्यक्ष विनोद तिवारी, नेता प्रतिपक्ष चक्रेश सिंघई समस्त पार्षदों, आयुक्त सूर्यभान सिंह, शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षकों, व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम से पहले फ्लेग मार्च निकाला गया जिसमें सूर्यभान स्ािंह आयुक्त, डॉ. प्रणय कमल खरे, एडीशनल एसपी तेनीवार, सुदेश तिवारी, सीएसपी प्रमोद सोनकर, डॉ. प्रदीप चौहान, पूजा नायक, अभिषेक सिंह, जितेन्द्र, देवेन्द्र चावला, विनोद तिवारी ने बारी-बारी से भाग लिया एवं फ्लेग प्वाइंट पर महापौर श्रीमती अनीता अहिरवार फ्लेग लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।
कार्यक्रम में आए समस्त अतिथियों का महापौर, निगमाध्यक्ष, आयुक्त एवं खेल महोत्सव के संयोजक राज बहादुर सिंह, नरेश यादव ने पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। महापौर ने स्वागत भाषण दिया एवं आयुक्त श्री सिंह ने पंचायत मंत्री श्री भार्गव को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष विधायक श्री जैन ने कहा कि मैं नगर निगम का खेल महोत्सव के आयोजन के लिए अभिनंदन करता हूं। यह आयोजन निरंतर 2006 से चला आ रहा है। खेल महोत्सव ने निश्चित रूप खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि खेल भावना लुप्त होती जा रही है इसलिए आयोजन के प्रति और जागरूकता लाई जाए। उन्होंने खेल महोत्सव में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया साथ ही नगर निगम स्टेडियम को विधायक निधि से 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
खेल महोत्सव के संयोजक राज बहादुर सिंह ने आयोजन की रूप रेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष खेल महोत्सव में नगर के स्कूलों के लगभग 4 हजार बच्चे 17 खेलों मेंभाग लेंगे। जिसमें खो-खो, कबड्डी, व्हालीबाल, फुटबाल, बास्केटबाल, हेंडबाल बेडमिंटन, शतरंज, जूडो, कराते, एथलेटिक्स, हाई जंप, लांग जंप, गोला फेंक तवा फेंक, डान्स, ग्रुप डांस, अखाड़ा प्रदर्शन, साईकिलिंग, रस्सरकसी प्रतियोगिताएं होंगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें