पप्पू यादव, बीना/ गरीबों को ट्रेनों में इज्जत से चढ़ने का मौका देने वाली इज्जत स्कीम यात्रियों के लिये सपना बनकर रह गई है। गरीबों को ट्रेनों में सफर करने के लिये इज्जत स्कीम के पास उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। वहीं रेल्वे विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस स्कीम के संबंध में विभाग से कोई पात्र प्राप्त नहीं हुआ है।
गरीब वर्ग के लोग ट्रेनों में इज्जत के साथ सफर करें इस उद्द्ददेश्य के साथ रेल मंत्री ममता बेनर्जी ने रेल बजट में इज्जत स्कीम लागू करने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत महज 25 रुपए में पूरे माह ट्रेनों में सफर करने पास उपलब्ध कराया जाना था। रेल मंत्री द्वारा की गई इस घोषणा को अभी तक अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। रेल्वे स्टेशन में इज्जत स्कीम के पास उपलब्ध नहीं हो पाये हैै। जिसकी वजह से गरीब वर्ग के लोगों को अभी तक आम यात्रियों की तरह महंगा सफर करना पड़ रहा है।
क्या है योजना
रेलवे की इज्जत स्कीम टे्रनों में गरीब को इज्जत के साथ सफर करने का मौका देने के लिये शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले लोगो को ट्रेन में महीने भर सफर करने के लिये महज 25 रुपए में पास उपलब्ध कराया जाना है पात्र हितग्राही पास के जरिये 100 किमी तक का सफर ट्रेनों में कर सकेंगे।
योजना का पता नहीं
सुभाष वार्ड निवासी रामकली ने बताया कि वह अपनी जीविका बीड़ी बनाकर चलाती है उन्हें इज्जत स्कीम के बारे में उन्हें पता नहीं है। अगर गरीबों के लिये सस्ता सफर होने की बात इस स्कीम में है तो अच्छा है।
जल्द उपलब्ध हों पास
ग्राम खड़ेसरा की महिलायें जो सब्जी का व्यापार करती हैं और भोपाल, विदिशा, गंजबासौदा सब्जी बेचने जाती हैैं इसके अलावा इनमें से कुछ औरतें माल लाने के लिये लंबा सफर भी करती हैं। उनका कहना है कि रेलमंत्री द्वारा घोषणा करने के बाद भी इज्जत स्कीम के पास संबंध में अभी तक हमारे लिये कोई जानकारी नहीं है। अगर यह सुविध हमें मिल जाये तो व्यापार करने में काफी सरलता होगी और इज्जत से टे्रनों मे सफर कर सकेंगे।
महंगाई से मिलेगी राहत
मंडीबामौरा में रहने वाली उमाबाई सब्जी की दुकान लगाती है उन्हें रोजाना ट्रेन से आना जाना करना पड़ता है उनका कहना है कि गरीबों को इज्जत स्कीम के पास जल्द उपलब्ध कराना चाहिये। ताकि महंगाई से कुछ हद तक राहत मिल सके।
यात्रा होगी सस्ती
मस्जिद वार्ड निवासी कन्हैया लखेरा कपड़े का धंधा करते हैैं वे कपड़े बेचने के लिये पूरे माह टे्रेन में सफर करते हैं उनका कहना हैै कि इज्जत स्कीम के लागू होने पर यदि 25 रुपए में पूरे महीने भर सफर किया जा सकेगा तो ट्रेन में यात्रा सस्ती हो जायेगी और हम कम पूंजी में धंधा करने वालों को कुछ फायदा मिलना शुरू हो जायेगा। क्योंकि कमाई का बहुत ज्यादा हिस्सा रेल किराये में ही लग जाता है। इस योजना से हम जैसे छोटे लोगों को काफी लाभ होगा। डबलरोटी का व्यवसाय करने वाले अवधविहारी का कहना है कि रेल मंत्री की घोषणा को जल्द अमलीजामा पहनाया जाना चाहिये। जिससे गरीबों को इसका लाभ मिल सके।
जटिल प्रक्रिया बनी बाधा
इज्जतदार योजना का लाभ काफी जटिल प्रक्रियाओं से गुजर कर मिल सकता है यह प्रक्रिया इतनी जटिल है कि गरीब तबके बिना पढ़े लिखे लोग तो ठीक एक ग्रेजुएट के बस में भी नहीं है। जटिलता के कारण इज्जतदार योजना सफलता दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है। इज्जतदार योजना जटिल प्रक्रिया ने गरीब तपके के लोगों की आशाओं पर पानी फेर दिया है। हालाकि विभाग के आलाधिकारी भी दबी जुबान में योजना की असफलता का कारण जटिल प्रक्रिया बता रहे हैं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें