खुरई । गुरूवार के दिन सरपंच संघ जनपद पंचायत खुरई द्वारा विगत 26 जनवरी गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में ग्राम सभाओं एवं कुछ पंचायतों में असामाजिक तत्वों द्वारा जातिगत वैमन्स्यता फैलाना तथा असामाजिक तत्वों द्वारा पंचायत मुख्यालयों पर उपद्रव कर सरपंच, सचिवों की इज्जत-बेइज्जत से खिलवाड़ करने जैसी हरकतों को लेकर सरपंच संघ ने लिखित ज्ञापन एसडीएम कमल सोलंकी को सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख है कि ग्राम पंचायत सेमरा गनपत में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा निजी स्वार्थ हेतु जातिगत वैमनस्यता फैलाई गई, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न् हुई तथा पंचायत रिकार्ड के साथ खिलवाड़ कर उन्हें फाड़ा गया व गांव के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को अपमानित किया गया, जिनमें महिला सरपंच, सचिव तथा शिक्षकों एवं ग्रामवासियों को अपमानित करते हुए उन्हें गाली-गलौंच की गई एवं ग्राम सभा को नहीं होने दिया।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत मुकारमपुर में ग्राम सभा में कुछ तत्वों द्वारा गाली-गलौंच एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को अपमानित किया गया व साथ ही सरपंच के साथ भी अनर्गल रूप से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जातिगत अपमानित किया गया तथा पंचायत में रखे आवेदन असामाजिक तत्वों द्वारा फाड़ दिए गए। जिसकी शिकायत उक्त पंचायतों द्वारा जनपद कार्यालय खुरई एवं अनुविभागीय अधिकारी खुरई को की गई।
सरपंच संघ ने गुहार लगाते हुए एसडीएम खुरई से उक्त मामलों की उचित एवं सत्य जांच करवाकर उक्त व्यक्तियों तथा ऐसे तत्वों को दंडित करते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है, साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि ऐसे तत्वों द्वारा भविष्य में राष्ट्रीय पर्वों के कार्यक्रम तथा पंचायत स्तर के कार्य में इन तत्वों द्वारा बाधा उत्पन्न न की जा सके साथ ही पंचायत द्वारा पर्वों पर कार्य पूर्ण निष्ठा एवं सामाजिक सहयोग के साथ संपादित हो सकें।
ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच संघ अध्यक्ष प्रीतमसिंह रारौन, उपाध्यक्ष अवधेश तिवारी, सचिव राजेश सिंह ठाकुर, सह-सचिव मुलायम सिंह बागथरी, श्रीमति कमलारानी बलराम अहिरवार, कोषाध्यक्ष तुलसीराम अहिरवार, सरपंच शोभारानी, सरपंच जगतसिंह, सरपंच रघुवीरसिंह, सरपंच राकेश चढ़ार, पूर्व सरपंच जितेन्द्र सिंह धनौरा, सरपंच श्रीराम महूना सहित कई सरपंच उपस्थित थे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें