सागर। प्रदेश के विभिन्न अंचलों में महिलाओं खासतौर पर अबोध बालिकाओं के साथ बलात्कार तथा हत्या की बढ़ती घटनाओं के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर शुक्रवार 8 फरवरी को दोपहर 01 बजे से प्रांत व्यापी बालिका सुरक्षा दिवस के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी सागर शहर एवं ग्रामीण द्वारा संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन का आयोजन कांग्रेस कार्यालय, म्युनिसपल स्कूल के समीप किया जाएगा। धरने का संयुक्त नेतृत्व जिला अध्यक्ष द्वय द्वारा किया जाएगा।
जिला कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने इस संबंध में कहा है कि पिछले एक साल से प्रदेश भर में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों से पूरा प्रदेश चिंतित और भयभीत है, परन्तु प्रदेश में भाजपा सरकार के रहते यह सिलसिला रूकने के बजाय तेज होता जा रहा है।
जिसके चलते प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुखिया गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता के बंगले के पास अबोध बालिका के साथ बलात्कार और हत्या तथा ग्वालियर में मंत्री की मौजूदगी में बलात्कार की घटनाएं सामने आने के बाद प्रदेश की भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति खुलकर सामने आ गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षद्वय रेखा चौधरी एवं हीरासिंह राजपूत ने प्रदेश जिला एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के समस्त पदाधिकारियों सहित आम जनता से उक्त धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर बालिकाओं व महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों का विरोध करने का अनुरोध किया है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें