सागर। हां हम नरयावली के क्षेत्रवासी हैं, हम आपसे कहना चाहते हैं कि आप हमारे क्षेत्र से विधायक प्रदीप लारिया को हटाओ। यह बात गुरुवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से नरयावली के क्षेत्रवासियों एवं कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर दीपाली होटल में कही।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर गढ़ाकोटा में रहस मेले का उद्घाटन करने गुरुवार को तड़के सुबह सागर पहुंच गए। सुबह उन्होंने जिले में भाजपा द्वारा चल रहा महाजनसंपर्क अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक ली। इसके बाद वे मकरोनियां स्थित दीपाली होटल में पत्रकारों से चर्चा की। वहीं पत्रकार वार्ता के खत्म होने के बाद नरयावली क्षेत्र के लोग एवं कुछ भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। वे प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से मिलना चाहते थे।
तभी नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने उनके क्षेत्र के लोगों को ले जाकर अध्यक्ष के सामने खड़ा कर दिया और कहा यह हमारे क्षेत्र के लोग हैं और आपसे मिलना चाहते हैं। शायद यही उनकी सबसे बड़ी भूल थी। कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष के सामने कहा कि हां हम सब नरयावली क्षेत्र के लोग हैं। हमारी आपसे मांग है कि विधायक प्रदीप लारिया को क्षेत्र से हटा जाए। यह सुनकर वहां खड़े सभी लोग स्तब्ध रह गए। वहां का माहौल एका एक बदल गया। विधायक प्रदीप लारिया का मुंह भी उतर गया। इससे स्पष्ट होता है कि नरयावली क्षेत्र में वर्तमान विधायक श्री लारिया अपनी छबि खोते जा रहे हैं। इस घटना क्रम ने भाजपा में चुनावी वर्ष के दौरान चल रही अंदरूनी कलह सतह पर ला दी है।
एकत्रित होकर की नारेबाजी
जैसे ही प्रदेशाध्यक्ष श्री तोमर दीपाली होटल से निकलकर गढ़ाकोटा में रहस मेले के उद्घाटन में जा रहे थे तब होटल की कुछ ही दूरी पर बहेरिया तिराहा के पास करीब 20 से 25 वहां खड़े हो गए, जब प्रदेशाध्यक्ष का वाहनवहां से गुजरा तो वहां उपस्थित लोगों ने विधायक श्री लारिया के खिलाफ नारेबाजी की।
लोगों को चाहिए नया चेहरा
नरयावली विधानसभा क्षेत्र में लोग अब नया चेहरा चाहते हैं। विधायक लारिया और नारायण कबीरपंथी के खिलाफ खुलकर लोग सामने आने लगे हैं। लोगों का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र नरयावली में इस विधानसभा चुनाव में किसी नए चेहरे को टिकट मिलना चाहिए। वरना भाजपा को यहां से मात खानी पड़ सकती है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें