शुक्रवार, 8 मार्च 2013

बेघर लोगों के साथ खिलवाड़ बंद करे सरकार

सागर। प्रदेश की भाजपा सरकार आर्थिक रूप से कमजोर बेघर लोगों के साथ खिलवाड़ बंद कर उन्हे आवंटित किए गए मकान शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश हाउसिंग बोर्ड को दे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य त्रिलोकी नाथ कटारे ने प्रदेश सरकार व हाउसिंग बोर्ड प्रशासन से उक्त मांग करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह और उनकी भ्रष्ट भाजपा सरकार व इसके तंत्र में प्रत्येक काम में बड़े स्तर पर कमीशनखोरी की प्रथा के चलते ईमानदार ठेकेदार काम करने में असहाय होकर प्रदेश से पलायन को मजबूर है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में कतिपय भू-माफियाओं एवं ठेकेदारों को फायदा पहुँचाने की मंशा से गरीब वर्ग के लोगों को पूर्व में आवंटित मकान उपलब्ध कराने में बाधा उत्पन्न की जा रही है जिसका कांगे्रस द्वारा हर स्तर पर विरोध कर इस वर्ग को उनका जायज हक दिलाने के लिए आंदोलन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने इस संबंध में बतलाया कि प्रदेश सरकार की ओर से करीब ढाई साल पहले स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही सागर के दीनदयाल नगर व हरीसिंह गौर नगर में आर्थिक रूपसे कमजोर व निम्न आय वर्ग के आवासहीन लोगों को हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से सस्ते मकान देने के लिए बड़े-बड़े लुभावने विज्ञापन प्रकाशित कर मकानों के पंजीयन के नाम पर इस वर्ग से प्रदेश भर में करोड़ों रुपए बटोरे गए थे।

उक्त पंजीयन एवं आवंटन के लगभग ढ़ाई वर्ष बाद हाउसिंग बोर्ड द्वारा भवनों के निर्माण कार्य हेतु निविदाएं उचित दर पर नहीं मिलने का बहाना बताकर पंजीयन हेतु जमा राशि वापिस लेने संबंधी दबाव बनाया जा रहा है जो इस वर्ग के साथ अन्याय एवं अत्याचार है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य त्रिलोकी नाथ कटारे ने गृह निर्माण मण्डल की इस कार्यप्रणाली की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर सड़कों व अन्य बड़े निर्माण कार्यों में भाजपा के माफिया तंत्र के संलग्न रहने के चलते शहरी गरीबों को उनके हक से वंचित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और इसका अमला मकान बनाकर देने में खुद को अक्षम महसूस करता है तो उक्त हितग्राहियों को आवंटित मकानों की जमीन नि:शुल्क उपलब्ध कराए साथ ही उस पर मकान के निर्माण में आने वाली राशि ब्याज रहित आसान किश्तों पर उपलब्ध कराए अन्यथा कांग्रेसजनों द्वारा हाउसिंग बोर्ड का घेराव कर प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...