सागर। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे गाड़ियों से काली फिल्म हटाओ अभियान में शनिवार को पुलिस ने करीब 120 गाड़ियों के चालान किए। कुछ गाड़ियों से काली फिल्म भी उतारी गई। पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए गाड़ी मालिकों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने शहर में 5 चैकिंग प्वाइंट बनाकर कार्रवाई की।
पुलिस द्वारा सुबह से ही गाड़ी से काली फिल्म हटाने का अभियान चालू हो गया। यातायात पुलिस एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। शहर में मकरोनियां चौराहे, पीली कोठी, कबूला पुल, कटरा मस्जिद, राहतगढ़ बस स्टैंड इन पांच चैकिंग प्वाइंटों पर काली फिल्म चढ़ी गाड़ियों को रोका और उनके चालान किए। गौरतलब है कि दो दिन पहले से ही पुलिस ने गाड़ियों के सीसे पर काली फिल्म उतारने के लिए अभियान चलाया है।
शुक्रवार को पुलिस ने सात चैकिंग प्वाइंट बनाए थे। पुलिस ने करीब 150 वाहनों से काली फिल्म उतारी थी वहीं शनिवार को पुलिस ने शाम 8 बजे तक करीब 120 वाहनों के चालान किए। थाना प्रभारी यातायात राजेन्द्र तिवारी ने बताया कि यह अभियान चलता रहेगा। 1 जनवरी से यातायात सप्ताह शुरु हो रहा है। तब तक क्षेत्र में जितनी भी गाड़ियों पर काली फिल्म लगी होगी उनके चालान किए जाएंगे।
हालांकि कुछ जगहों पर पुलिस ने बगैर फिल्म उतारे केवल चालान काटकर ही गाड़ियों को छोड़ दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को देख शहर के गाड़ी मालिकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। शहर के तीनबत्ती से निकलने वाले वाहन चैकिंग रुकने का इंतजार करते रहे। कुछ वाहन मालिक गलियों को बदलकर गाड़ी निकालते देखे गए।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें