शनिवार, 29 दिसंबर 2012

दुकानदारों ने किया चक्काजाम अव्यवस्थाओं को लेकर दिया धरना

सागर। विगत दिनों नगर निगम मार्केट में एक ही रात तीन दुकानों में करीब दो लाख की चोरी होने से गुस्साए दुकानदारों ने आज निगम मार्केट के सामने धरना प्रदर्शन किया। नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब 200 की संख्या में स्थानीय व्यवसायी एकत्रित हो गए और करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

चक्काजाम होता देख स्थानीय प्रशासन पर मौके पर पहुंच गया। समझाइश के बाद जाम खोला गया। लेकिन व्यवसायियों की धरना दोपहर तक चलता रहा। गौरतलब है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात नगर निगम मार्केट की तीन दुकानों में अज्ञात बदमाशों ने सेंध लगाई थी। मोबाइल दुकान से करीब डेढ़ सौ मोबाईल सेट एवं अन्य दो दुकानों से हजारों रुपए की नगदी चोरी हो गई थी। चोरी के बाद शुक्रवार को व्यवसायियों ने कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की थी। 

शनिवार को निगम मार्केट के सभी दुकानदारों ने सुबह दस बजे से अपनी दुकानें बंद रखी। दुकानदारों ने निगम मार्केट के सामने ही धरना दिया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को एक मांगों का ज्ञापन भी सौंपा है जिसमें मांग की गई है कि नगर निगम मार्केट में व्यवस्थाओं का आभाव है। दुकानदार समय पर नगर निगम को टेक्स देते हैं लेकिन प्रशासन द्वारा कोई व्यवस्थाएं नहीं की गई है। निगम मार्केट में प्रसाधन की व्यवस्था नहीं है। मार्केट की दुर्दशा भी खराब है। मार्केट के दरबाजे जर्जर हालत में होने से आए दिन चोरी की वारदातें होती रहती हैं। 

लेकिन प्रशासन दुकानदारों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं निगम प्रशासन ने दुकानदारों को अश्वस्त किया है कि शीघ्र ही नगर निगम मार्केट में शौचालय बनवाया जाएगा एवं निगम मार्केट की जर्जर हालत भी सुधारी जाएगी। कार्यवाहक आयुक्त विजय दुबे ने आज से निगम मार्केट में शौचालय निर्माण करने एवं चोरी की घटनाओं को रोकने हेतु मार्केट के चारों तरफ छह चेनल गेट लगाए जाने के निर्देश संबंधित निगम इंजीनियरों को दिए। 

वहीं चोरी की घटनाएं रोकने व चोरों को गिरफ्तार करने की मांग का ज्ञापन व्यापारी संघ अध्यक्ष रफीक खान ने कोतवाली थाना प्रभारी राजेन्द्र तिवारी को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान, शिव सेना प्रमुख पप्पू तिवारी, डॉ. रामदास कुशवाहा, राजकुमार जैन, मनीष दुबे, राकेश सोनी, करोड़ी जैन, महेश साहू, हरीश, अक्षय, राजेश मनवानी, राजेश सोनी, गोविंद पटेल, राजकुमार सोनी, पंकज समैया सहित करीब दो सौ व्यापारी शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...