सागर। दिल्ली में गैंगरेप का शिकार हुई छात्रा की मौत के बाद विगत तीन दिनों से स्थानीय लोगों का प्रदर्शन जारी है। रविवार को सैकड़ों छात्रों ने मौन जुलूस निकालकर मृतक छात्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं कुछ राजनैतिक दलों ने भी कैंडिल मार्च निकाला।
कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने तीनबत्ती स्थित गौर मूर्ति के पास एकत्रित होकर हाथों में मोमबत्ती लेकर पीड़ित छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैंगरेप के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। वहीं सैकड़ों छात्रों ने नमक मंडी से मौन जुलूस निकाला।
गौरतलब है कि शनिवार की सुबह दिल्ली में चलती बस में दुष्कृत्य का शिकार बनी छात्रा की सिंगापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जैसे ही यह खबर टीबी न्यूज चेनलों पर प्रसारित हुई पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। शहर के लोगों ने मौत की खबर सुनते ही मृतक छात्रा के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जताते हुए कैंडल मार्च निकालना शुरु कर दिया।
महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ शहर में विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। कई राजनैतिक संगठन भी विरोध कर रहे हैं। शिव सैना, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आम आदमी पार्टी, जिला कांग्रेस पार्टी सहित कई संगठन शहर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं रविवार को भी शहर में छात्रा की मौत की खबर चर्चा का विषय बनी रही।
सदरवासियों ने मोमबत्ती जलूस निकालकर ज्ञापन सौंपा
नगर के सदरवासियों ने रविवार को दिल्ली गैंगरेप के मामले में मृत हुई छात्रा के प्रति मोमबत्ती जलाकर जुलूस निकाला तथा श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात सदरवासियों ने कैंट थाना पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें