शनिवार, 5 जनवरी 2013

मंडी सदस्य 6 दिन से लापता: हम्मालों ने तीन घंटे काम बंदकर किया प्रदर्शन

सागर।  मंडी चुनाव में चुने गए हम्माल तुलावटी सदस्य गोविंद पासी पिछले छह दिनों से लापता हैं। सदस्य के परिजनों ने उनके अपहरण की आशंका जताई है। वहीं कृषि उपज मंडी के हम्मालों ने उनके गायब होने से आक्रोश जताया है। 7 जनवरी को मंडी अध्यक्ष के चुनाव होने हैं, जिसको लेकर पार्टियों के बीच गहमागहमी का माहौल बना हुआ है। अध्यक्ष के चुनाव के ठीक पहले तुलावटी सदस्य का इस तरह गायब होना चिंता का विषय बना है। लोगों में कई तरह की चर्चाएं पनप रहीं हैं। 

हम्माल/तुलावटी सदस्य पद से निर्वाचित गोविंद पासी के छह दिन से लापता होने पर आक्रोशित कृषि उपज मंडी सागर के हम्मालों ने करीब तीन घंटे तक कामकाज बंद कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद सभी हम्माल केंट थाना पहुंचे और अपरहरण की आशंका को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई। गौरतलब है कि निर्वाचित मंडी सदस्य गोविंद पासी 31 दिसंबर से मंडी का कहकर गए थे। 

जो वापस घर नहीं पहुंचे। 7 जनवरी को मंडी अध्यक्ष पद का चुनाव भी है। मंडी के हम्मालों को आशंका है कि मंडी अध्यक्ष के पद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी व उनके दबाव में आकर किसी ने साजिश के तहत अपरहण तो नहंी कर लिया है। हम्मालों ने मंडी सचिव को ज्ञापन सौंप कर गोविंद पासी की सुरक्षा की मांग की है। कृषि उपज मंडी में सुबह 11 बजे से एकत्रित हुए हम्मालों ने दोपहर दो बजे तक प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। गौरतलब है कि विगत दिनों बीना में नवनिर्वाचित सदस्य भी रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए थे। 

बजरंग हम्माल संघ के संरक्षक हेमराज आलू ने कहा कि हम्माल सदस्य का वोट पाने के लिए गोविंद पासी को गायब करने की साजिश रची गई है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पप्पू तिवारी, मनोहर यादव, विनोद जाटव, रामदास कुशवाहा, इमरत जाटव, मनीराम यादव, दयाल चौधरी, रज्जन यादव, वीरेन्द्र अहिरवार, चंद्रभान, प्रभुदयाल, रूप सिंह सहित हम्माल लोग उपस्थित थे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...