बंडा। क्षेत्र के ग्राम पगरा में बेबस नदी पर बन रहे पंचम नगर बांध परियोजना का विरोध इस योजना से प्रभावित होने वाले 11 गांव के किसान कर रहे है किसानों द्वारा बुधवार से बण्डा के बरा चौराहे पर भूख हड़ताल व धरना देना प्रारंभ कर दिया है, रविवार को किसानों के धरने को चार दिन हो गए, लेकिन अभी तक बण्डा विधान सभा से वास्ता रखने वाले जनप्रतिनिधियों का स्पष्ट रूख समझ में नहीं आया है।
अधिकांश जनप्रतिनिधी किसानों का साथ देने की बात कर रहें हैं लेकिन चार दिन बीत जाने को हैं परन्तु जनप्रतिनिधि किसानोें के बैनर तले उनका समर्थन करने नहीं पहुंचे हैं। अभी तक गिने चुने जनप्रतिनिधी ही दबी जुबान में पीड़ित किसानों का समर्थन करने मंच तक पहुंचे हैं। चार दिन से किसान बरा चौराहे पर ठुठरती ठण्ड में बैठे हैं लेकिन इन किसानों की समस्यायों को सुनने वाला कोई नहीं है। धरने पर बैठे किसान श्यामलाल ने बताया कि हमारी सुनने कोई नहीं आ रहा तथा सिर्फ नेता आश्वासन दे रहे हैं इसी प्रकार शिवचरण, मुलायमसींग द्वारा भी बात कही गई।
इस संबंध में सांसद शिवराज सिंह लोधी का कहना है कि हम पंचम नगर बांध परियोजना से पीड़ित किसानों की मांग का समर्थन करते हैं तथा किसानो की मांग को मप्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा। जिला पंचायत हरवंश सिंह राठौर ने कहा कि मुझे इस संबंध में जानकारी मिली है कि पंचम नगर बांध परियोजना से बण्डा विधान सभा क्षेत्र के 11 गांव के किसानों की जमीन डूब रही है मैं किसानो के साथ हूं तथा यदि किसान नहीं चाहते तो फिर पंचम नगर बांध किसी भी स्थिति में नहीं बांधा जाना चाहिए। किसानों की समस्या को लेकर सरकार से चर्चा की जाएगी। भाजयुमो प्रदेश मंत्री अभिषेक भार्गव ने बताया कि मैं बण्डा आया तो मुझे जानकारी मिली कि किसान धरने पर बैठे हैं मैं उनसे मिला तथा मेरे द्वारा उनकी मांगों को पार्टी के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें