शुक्रवार, 4 जनवरी 2013

सीमेन्ट कारखाने के प्रदूषण को लेकर ग्रामीण चिंता में

सागर। जेपी ग्रुप द्वारा सिरचौपी ग्राम में सीमेन्ट ग्रेडिंग यूनिट लगाए जाने की खबर ने ग्रामीणों का अभी से चैन छीन लिया है। इसके कारण फैलने वाले प्रदूषण एवं कई समस्याओं के संबंध में क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। 

बीना। पत्र के माध्यम से समस्याओं के निराकरण की गुहार मुख्यमंत्री से लगाई गई है। पत्र में लिखा गया है कि जेपी पॉवर प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा सीमेन्ट ग्रेडिंग यूनिट लगाई जा रही है जिसके प्रदूषण से ग्राम पंचायत हिन्नौद, जोध, लहटवास, गिरोल, महादेवखेड़ी, सिरचौंपी के किसानों की कृषि योग्य भूमि प्रभावित होगी। शासन द्वारा सीमेन्ट, ग्रेडिंग यूनिट निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जावे अन्यथा कृषि योग्य भूमि नहीं बचेगी। 


गाँव के बीचों बीच एकत्रित की जाएगी राख


ग्राम हिन्नौद के पास राख का स्थल बनाया जा रहा है जो कि ग्राम से एकदम सटा   हुआ है। उसको ग्राम से 1 किमी दूर अन्य स्थान पर बनाया जाए एवं ग्राम के पास 1 किमी एरिया तक ग्रीन बेल्ट लगवाया जाए। जिसके प्रदूषण से ग्रामवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। जेपी कंपनी द्वारा प्रभावित किसान हिन्नौद एवं जौध ग्राम के तार फेंसिंग के पास लगे हुए हैं उनकी भूमि का राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कराया जाए एवं कृषि कार्य हेतु रास्ता दिलवाया जाए। 


किसानों ने की भूमि सीमांकन कराने की मांग


जेपी प्रभावित किसानों की भूमि का सीमांकन नहीं करवाती। तब एक बाउंड्रीवॉल निर्माण पर रोक लगाई जाए। जेपी कंपनी द्वारा हिन्नौद के पास क्रेशर प्लांट लगाया गया है उसको बंद कराया जाए। क्रेशर से वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण हो रहा है जिससे ग्रामवासी अति परेशानी में है। प्रधानमंत्री ग्रामीण योजना के तहत जो सड़क 4 वर्ष पूर्व ग्राम जौध, हिन्नौद के ग्रामवासियों के लिए उपयोग हेतु बनवाई गई थी उस सड़क का उपयोग जेपी कंपनी के भारी वाहनों के द्वारा किए जाने से सड़क पूर्णत: क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे आने-जाने में असुविधा हो रही है। कंपनी द्वारा नई सड़क का निर्माण कराया जाए। प्लांट में जिन किसानों की जमीन गई हुई है उन किसानों को स्थाई रूप से नौकरी दी जावे। क्योंकि अभी तक कंपनी उन्हें दैनिक वेतन पर रखे हुए है। पीएफ एवं चिकित्सीय आवासीय योजना का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है। बिड़ला पॉवर कंपनी द्वारा भूमि अधिग्रहीत की गई थी उसी कंपनी की ड्राईंग एवं नियम शर्तों अनुसार कार्य का निर्माण किया जाए। कंपनी के पास लगी हुई आस-पास ग्राम पंचायतें हिन्नौद, जौध, महादेवखेड़ी, सिरचौपी, लहटवास, गिरोल के ग्रामों को गोद लेकर समूचित विकास किया जाए। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...