सागर। अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष नारायण प्रसाद कबीरपंथी ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागों को सौपे गए आवंटन और व्यय की समीक्षा की। आयोग अध्यक्ष ने अनुसूचित जाति विकास कार्यालय में 20 लाख रुपए की लागत से मोटर पम्प खरीदकर स्टोर्स में रखे जाने का औचित्य जाना । इस संबंध में कलेक्टर ने व्यवस्था दी कि इन पम्पों की खरीदी की जांच कराई जाएगी और खरीदी का औचित्य तथा अब तक हितग्राहियों को वितरित नहीं होने की जांच की जाएगी ।
स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरूवार को कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा और अन्य विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न इस बैठक में आयोग अध्यक्ष श्री कबीरपंथी ने बताया कि जिला स्तर पर विगत 22 जून 2011 और 16 मार्च 2012 को दो बैठकें सागर में ली गई थी जिनका पालन प्रतिवेदन अभी तक आयोग को प्राप्त नहीं हुआ है । इसी क्रम में कलेक्टर ने व्यवस्था निर्धारित की कि अब आयोग की बैठकों का पालन प्रतिवेदन नियमित भेजा जाएगा और पिछली बैठकों संबंधी जो फाइल गुम गई है उसकी लापरवाही के लिए तत्कालीन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के विरूद्ध कार्रवाई के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। लोक निर्माण विभाग अंतर्गत कराए गए कार्यो की प्रगति की समीक्षा के दौरान आयोग अध्यक्ष ने सेमरा भौंरी परसोरिया मार्ग का काम वर्ष 2006 में स्वीकृत हुआ और जो 27 दिसंबर 2009 तक पूरा होना था वह काम 7 वर्षो में पूरा नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की।
आयोग अध्यक्ष ने विभाग द्वारा विस्तारित जानकारी नहीं देने से समीक्षा में दिक्कत आने की बात कही । इस संबंध में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित फारमेट में जानकारी देगे और फार्मेट बनाने की जिम्मेदारी आदिम जाति विकास की होगी जो आयोग अध्यक्ष को दिखाकर फार्मेट तैयार कराएंगे।नगर निगम को अजा हितार्थ योजनाओं के संबंध में आवंटित राशि से कराए गए कार्यो के संबंध में निगम आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2011-12 के सभी कार्य पूरे हो गए इनमें से मात्र एक कार्य संतकबीर वार्ड में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शेष है वह भी 90 प्रतिशत पूरा हो गया है।
आयोग अध्यक्ष ने नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतो द्वारा निर्मित कराए गए मार्केट में अजा हितग्राहियों को कितनी दुकानें आवंटित हुई है उसकी जानकारी भी चाही । लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग की समीक्षा में कार्यपालन यंत्री ने बताया कि मांग संख्या 64 में जिले में 2500 हैंडपंप खनन व संधारण का कार्य हुआ है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें