बुधवार, 27 फ़रवरी 2013

कलेक्टर ने लगाई जपं सीईओ को फटकार

सागर। जनपद पंचायत सागर की साधारण सभा की बैठक २७ फरवरी को आयोजित की गई। जिसमें जनपद सीईओ श्री जीएस टेकाम की कार्यशैली से जनपद सदस्य सहमत नहीं हुए और जनपद सदस्यों ने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में जनपद सीईओ की मनमानी से नाराज होकर बहिष्कार किया।

बहिष्कार के बाद सभी सदस्य कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा से मिलने गए और उन्होंने समस्त सदस्यों की भावनाओं को समझा और उन्होंने जनपद सीईओ श्री टेकाम को कलेक्टर कार्यालय में बुलवाकर समझाइश दी और कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि की भावनाओं, शासन की योजनाओं को क्रियान्वित करने का दायित्व जनपद का है और इसके निर्वहन में जो भी बाधाएं आएंगी उन्हें हम तत्काल दूर कर देंगे। बाधा करने वाले अधिकारी भी अब दंडित किए जाएंगे।

जनपद सदस्यों ने चर्चा में कलेक्टर को बताया कि अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा वंदना सिंह को पूर्व में जनपद से जिला पंचायत कार्यालय में अटैच किया गया था। लेकिन चार दिन बाद ही गुपचुप तरीके से उनकी वापसी हो गई। इसके संबंध में जनपद सदस्यों को न तो कोई जानकारी दी गई न सहमति ली गई। इसी तरह शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीईओ द्वारा जनपद अध्यक्ष और अन्य सदस्यों को नहीं दी जाती। सदस्यों ने कलेक्टरों को बताया कि बैठक में सीईओ और सहायक यंत्री मनरेगा के कार्यों की सूची उपलब्ध नहीं कराते। जानकारी मांगने पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी वंदना सिंह, उपयंत्री सपना चढ़ार और प्रवीण सराफ द्वारा जनपद सदस्यों के साथ अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया जाता है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने जनपद अध्यक्ष और सदस्यों की बात एक घंटे तक विस्तार पूर्वक सुनी। वास्तविक स्थिति समझने के बाद कलेक्टर श्री शर्मा ने सीईओ को बुलाकर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने सीईओ को हिदायत दी कि एक सप्ताह में सभी योजनाओं की जानकारी एक फोल्डर के रूप में पंचायत वार जनपद  सदस्यों को दी जाए अन्यथा उनपर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर से मिलने के बाद जनपद अध्यक्ष और सदस्य संतुष्ट नजर आए। जनपद सदस्य प्रमोद यादव ने बताया कि कलेक्टर ने जनपद अध्यक्ष और सदस्यों की समस्याओं को गौर से सुना और निराकरण किया। इसके लिए हम सभी सदस्य उनके आभारी हैं। कलेक्टर से चर्चा करने वालों में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सविता पृथ्वी सिंह, जनपद सदस्य निर्मल कुमार जैन, प्रमोद यादव, शीलरानी भगवानदास, जितेन्द्र कोरी, झलकन सिंह, पूनम देवी, लक्ष्मी, रमेश कुमार, द्वारका प्रसाद शर्मा, रेखा गौतम, गुवर्धन आदिवासी आदि शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...