शुक्रवार, 22 फ़रवरी 2013

साधु बना शैतान: मासूम से छेड़खानी का प्रयास, मामला दर्ज

खुरई। आज के समय में बच्चों का मेला या किसी धार्मिक स्थान पर जाना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। चाहे वहां साधु ही क्यों न रहते हों। दोपहर 12 बजे ग्राम हड़कारी निवासी एक सात वर्षीय बच्ची अपने एक भाई और ग्राम के ही छोटे बच्चों के साथ मेला देखने की जिद करने लगी, परिवार वालों की इजाजत पर वह गांव से लगभग सात किमी दूर बरघाट सिद्ध धाम पर मेले देखने गई।

बच्चों ने पाया कि वहां पर मेला नहीं लगा है। तो मंदिर में हनुमान जी के दर्शन करने चले गए, वहां पर बैठे साधुओं में से एक साधु अमरदास पिता विष्णुकांत तिवारी उम्र 30 वर्ष निवासी जानकी कुंड चित्रकूट ने कहा कि तुम लोग बहुत देर के आए हो, भूंख लग आई होगी, कुछ खा लो। आटा व सामग्री देकर दाल-बाटियां बनाने की बात कही। सभी मिलकर बनाने लगे, बाटियां बनने के बाद भोग लगाने के बहाने अमरदास बच्ची को थाली में बाटियां व दाल लेकर अंदर ले गया जहां उसके साथ अश्लील छेडखानी करने लगा, मौका पाकर बच्ची बाहर भाग आई और अपने भाईयों को बात बताई।

परिजनों को बताने के बाद शुक्रवार के दिन सभी ग्रामीण एवं परिवार के लोग साधु को पकड़कर थाने ले आए, और मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने अमरदास पर धारा 354, 341 आईपीसी लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 14 नवंबर 12 की  धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अमरदास को गिरफ्तार कर लिया है।  थाना प्रभारी हेमंत शर्मा ने बताया कि अमरदास तिवारी के खिलाफ बच्ची एवं उसकी मां के ब्यानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अमरदास ने बताया कि भांग के नशे में यह कृत्य किया है। इसकी जांच की जा रही है। चित्रकूट से भी इसका पुराना रिकार्ड मंगवाया जा रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...