शुक्रवार, 22 फ़रवरी 2013

वार्डों में चल रहा गृह संपर्क

गढ़ाकोटा। स्वामी विवेकानंद सार्ध-शती कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ नगर इकाई गढ़ाकोटा के द्वारा नगर के सभी वार्डो में गृह संपर्क किया जा रहा है। जिसमें आज बाजार वार्ड में भ्रमण कर विवेकानंद जी के साहित्य और उनके चित्र घर-घर देकर जनमानस से उनके अमृतमय विचारों को आत्मसात करने की अपील की गई। इस अवसर पर सब्जी मंडी प्रांगण में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए।

युवा नेता अभिषेक भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युवा तरूणाई में विवेकानंद जी के संदेश और उनकी सोच, उनका जीवन कैसा रहा यह सब बताने हेतु उनके साहित्य को प्रत्येक घर में पहुंचाया जा रहा है। विवेकानंद जी का कहना था कि अपने जीवन में हमेशा खतरा उठाना सीखो तभी आगे बढ़ सकोगे। 

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नगर कार्यवाह श्री दयाराम जी आचार्य ने कहा कि हिन्दुत्व भारत का प्राण है। हम अपने अतीत का जितना अध्ययन करेंगे तो भविष्य उतना ही उज्जवल होगा। तहसील कार्यवाह भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि भारत का अतीत गौरवशाली था और उसका भविष्य और भी अधिक गौरवशाली होगा। पवन जी विश्वकर्मा ने कहा कि स्वामी जी ने देश लौटने पर छुआछूत और जातिभेद का निषेध करते हुए कहा था कि हम सब ईश्वर के अंश हैं। कोई भी छोटा या बड़ा नहीं है। 

वरिष्ठजन संघी बैजनाथ गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र महान बनता है जब उसके नागरिक अच्छे और महान बनते है। इसलिए हमें विवेकानंद जी के अमृत संदेशों को लोगो के बीच पहुचाकर मनुष्य निर्माण करना है। संचालन कर रहे विक्की जैन ने बताया कि 12 जनवरी 2013 को स्वामी विवेकानंद जी के 150 वर्ष पूर्ण हुए हैं। पूरा देश उनकी सार्ध-शती बना रहा है और इसी क्रम में यह वर्ष उनसे जुड़े हुए साहित्य और अमृत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य अनुसांगिक संगठन कर रहे हैं। जिसमें स्वामी जी के साहित्य और उनके कुछ प्रमुख अंश का वितरण किया जा रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...