बुधवार, 6 फ़रवरी 2013

पल्स पोलियो अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कलेक्टर

सागर।  फरवरी को संपादित होने जा रहे पल्स पोलियो अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न हुई। जिसमें अभियान के द्वितीय चक्र की सफलता के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की गई साथ ही अभियान के प्रथम चक्र में हुई कमियों को दूर करने समीक्षा भी की गई।

स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा ने स्पष्ट किया कि अभियान के पहले चक्र में अनेक तरह की कमियां पाई गई थी जिन्हें अभी दूर कर लिया जाए। इसी क्रम में उन्होंने समस्त बीएमओ को हिदायत दी कि वे अपने अधीन अभियान के सुपरवाईजर व टीकाकरण दलों को आवश्यक ट्रेनिंग दें। दूसरे चक्र के पहले अभियान में तैनात कर्मियों की दो बार ट्रेनिंग होना चाहिए। 

उन्होंने कहा सभी बीएमओ अपने क्षेत्र के अभियान संबंधी माइक्रो प्लान 15 फरवरी तक तैयार कर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेनिंग सही तरीके से दी जाएगी तो अभियान में तैनात कर्मचारियों को फाल्स पी और एक्स मार्क की जानकारी हो जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि अभियान में जो टीकाकरण दल लापरवाही बरतते है उनकी जानकारी सुपरवाईजर तत्काल बीएमओ को दें और दोषी के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करें अन्यथा सुपरवाइजर के विरूद्ध कार्रवाई होगी। 

उन्होंने समस्त बीएमओ एवं सेक्टर चिकित्सा अधिकारियों से अभियान के तीनों दिन क्षेत्र में भ्रमण करने की अपेक्षा की। साथ ही भ्रमण के दौरान वाहन लॉग बुक अपने हाथों से भरकर लॉग बुक की प्रति सीएमएचओ को भिजवाने के निर्देश दिए। सभी बीएमओ अपने अधीन सुपरवाईजरों को प्रशिक्षित करे कि वे अभियान के तीनो दिन की शाम को रिपोर्ट एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराएं ।


पिछले अभियान में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई


बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन की सवेर्लेन्स चिकित्साधिकारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि पिछले चक्र में आगासौद क्षेत्र में डब्ल्यूएचओ के मानीटर को स्वास्थ्य विभाग के सहायक सेक्टर अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्र में अभियान का सर्वे करने से रोक दिया था और धमकाकर  फाल्स पी और एक्स मार्क सर्वे कार्य नहीं करने दिया।  इस संबंध में कलेक्टर ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी लेब टेक्नीशियन एलएस गोयल को निलंबित करने के आदेश दिए। 

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अभियान में लापरवाही बरतने पर कोई दोषी बक्शा नहीं जाएगा। टीकाकरण दल यदि गलती करें तो सुपरवाईजर शिकायत कर कार्रवाई प्रस्तावित करें और बीएमओ तुरन्त एक्शन लें। अन्यथा बीएमओ के निलम्बन के प्रस्ताव कमिश्नर को भेजे जाएंगे। कलेक्टर ने मीटिंग में विलम्ब से आए बीना एवं आगासौद के बीएमओ को फटकार लगाई एवं कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में जिले का जन्म से 5 वर्ष आयु तक का कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित ना रहे इस पर पूरी गंभीरता बरती जाए। 

बैठक अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन डॉ. अजय बडोन्या, जिला टीकाकरण अधिकारी व्हीके खरे सहित समस्त बीएमओ और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभारी अधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...