सागर। छत्तीसगढ़ के बल्लेबाजों ने गुरुवार को यहां अंतरराज्यीय विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी (अंडर-16) के लीग मैच में दूसरे दिन मध्य प्रदेश के गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए 3 विकेट खोकर 184 रन बना लिए। इससे पहले मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 453 रन बनाकर घोषित कर दी। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर छत्तीसगढ़ की टीम पहली पारी में 269 रन से पिछड़ रही थी।
बम्हौरी रेंगवां स्थित एमपीसीए क्रिकेट मैदान पर छत्तीसगढ़ ने बल्लेबाजी शुरू की तो 9वें ओवर में उनका पहला विकेट केवल 35 रन के स्कोर पर गिर गया। संजीत सोनी को प्रांजल पुरी ने पगबाधा आउट कर मेहमानों को पहला झटका दिया। सोनी ने एक चैके की मदद से केवल 5 रन बनाए। इसके बाद कप्तान फरहान फिरोज ने संजीत देसाई के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 117 तक पहुंचाया।
फिरोज ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 13 चैके और 1 छक्के की मदद से 74 रन बनाए। उन्हें क्षितिज सोमकुंवर ने पगबाधा आउट किया। फिरोज के आउट होने के बाद देसाई ने एक छोर संभाले रखा और नाबाद अर्द्धशतक जमाकर क्रीज पर मौजूद थे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए अमनदीप खरे (30) के साथ 26 रन की भागीदारी निभाई। चैथे विकेट के लिए देसाई और सौरभ मलानी (26) के बीच अब तक 41 रनों की भागीदारी हो चुकी है। देसाई ने अपने 57 रनों की नाबाद पारी में अभी तक 9 चौके लगाए हैं।
इससे पहले मध्यप्रदेश ने मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 6 विकेट के नुकसान पर 453 रन बनाकर घोषित कर दी। कल 66 रन के स्कोर पर खेल रहे अर्जुन पटेल ने आज शानदार खेल दिखाते हुए अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 167 गेंद खेलकर 17 चैकों की मदद से 112 रन बनाए और आउट नहीं हुए। आज का पहला विकेट यश दुबे के रूप में गिरा। उन्होंने अर्जुन पटेल के साथ पांचवे विकेट के लिए 99 रन जोड़े। यश ने 8 चैकों की मदद से 39 रन बनाए। उन्हें अभिषेक शुक्ला ने आउट किया। शुक्ला को आज का दूसरा विकेट भी मिला जब प्रांजल पुरी पहली ही गेंद पर फरहान को कैच थमा बैठे। इसके बाद मध्य प्रदेश के कप्तान मन दुबे ने पारी घोषित कर दी।
कल मैच का अंतिम दिन है। विकेट के मिजाज और दोनों टीमों के अब तक के खेल को देखते हुए मैच का सीधा नतीजा निकलने के आसार बेहद कम हैं। अंतिम दिन के खेल में दोनों टीमों का प्रयास पहली पारी में बढ़त हासिल करना होगा। मप्र के गेंदबाज किसी भी कीमत पर छत्तीसगढ़ के बल्लेबाजों को 453 रन का स्कोर करने से रोकने का प्रयास करेंगे जबकि छत्तीसगढ़ के बल्लेबाज बाकी बचे रन बनाकर अपनी टीम को अतिरिक्त अंक दिलाने का प्रयास करेंगे।
मैच रैफरी त्रिपुरा के सौरभ दासगुप्ता और अंपायर भरत नायक (गोआ) व अनंत रामक्रष्णन (केरल) हैं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें