रविवार, 23 दिसंबर 2012

एक ही रात में पांच चोरियां

खुरई। शहर से लगातार हो रही चोरियों का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। एक ही रात में कई चोरियों से पुलिस की समस्या बढ़ती जा रही है। शहरी क्षेत्र में सोने चांदी और नकदी की बड़ी चोरियां करने वाले बड़े चोरों के साथ बोरबेल की केबिल और ट्रांसफारमर आयल चुराने वाले छोटे चोर भी सक्रिय हैं।

पिछली चोरियों का खुलासा हो भी नहीं पाता और नई चोरियों से आम जनता सकते में आ जाती है।

शनिवार रविवार की दरमियानी रात राहतगढ़ रोड स्थित ईंट के भट्टों के पास से 3 ट्रांसफारमरों,खैरा नाका से एक और एक ट्रांसफारमर का खिमलासा रोड स्थित ट्रांसफारमर का आयल चोरी चला गया है। चोर सभी स्थानों से लगभग एक हजार लीटर आयल चोरी करके ले गए हैं जिसकी कीमत लगभग 1 लाख से ज्यादा बताई जा रही है। चोरी की रिपोर्ट लिखाने स्वयं सहायक उपयंत्री बी एस पटेल गए लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखने के वजाय सादे कागज पर शिकायत ले ली है। शायद पुलिस चोरियों की रिपोर्टों की संख्या ऐसे ही कम करने में लगी है।

श्री पटेल ने बताया कि लगातार ट्रांसफारमरों से आयल की चोरियों विद्युत विभाग को आर्थिक नुकसान हो ही रहा है तो विद्युत सप्लाई में भी परेशानी हो रही है। अभी तक तो ग्रामीण क्षेत्रों में चोरियां होती थी लेकिन शहरी क्षेत्र में एक साथ 5 ट्रांसफारमरों से आयल की चोरियों से विद्युत व्यवस्था में परेशानी होगी। रिपोर्ट लिखने के वजाय पुलिस ने सादे कागज पर ही शिकायत ले ली है। शिकायत करने गए विद्युत कर्मियों पर ताना मारते हुए पुलिस कर्मियों ने कहा विद्युत विभाग खुद ही चोरी कराता है और रिपोर्ट लिखाने आ जाता है।

इनका कहना है
ऐसे मामलों के लिए अधिनियम 2003 के अंर्तगत नए निर्देश जारी हुए हैं जिसके अंतर्गत माना गया है कि विद्युत विभाग ऐसे मामलों की कार्यवाही करने में सक्षम है। पुलिस सहयोग करेगी। रही बात टांटिंग करने की तो पुलिस कर्मियों को हिदायत दी जाएगी कि ऐसा न करे वरना कार्यवाही की जाएगी।
सीके आर्य
एसडीओपी खुरई

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...