सोमवार, 17 दिसंबर 2012

60 वर्षीय वृद्ध की सिर कुचलकर हत्या

सागर।  जिले में हत्या जैसी गंभीर वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रहीं हैं। एक बार फिर केंट थाना क्षेत्र में एक वृद्ध की सिर कुचलकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में इसे लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने चार संदेहियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है जिसमें एक महिला भी शामिल है।

थाना प्रभारी केंट ने बताया कि सोमवार की सुबह फोन पर सूचना मिली कि केंट के कछियाना क्षेत्र में एक वृद्ध की सिरकुचली लाश पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और वृद्ध के बारे में जानकारी एकत्रित की। पुलिस को पता चला कि वृद्ध केंट बोर्ड का रिटायर्ड कर्मचारी है। इसका नाम सुलेमान खान उम्र 60 वर्ष है जो कि रायसेन में रहता है। 

सागर में पेंशन लेने के लिए उसका आना-जाना रहता था। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद रायसेन में वृद्ध की लड़की से संपर्क किया गया तो मालूम चला कि दो दिन पहले वह सागर आया था। वृद्ध का कुछ लोगों के साथ लेन-देन का विवाद चल रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने तीन-चार लोगों को हिरासत में लिया है। जिसमें से एक महिला भी शामिल है। संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने 302 का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...