शुक्रवार, 28 दिसंबर 2012

रेलवे कर्मचारी कर रहा था दो वर्षों से युवती के साथ दुष्कर्म

खुरई। रेल्वे कर्मचारी द्वारा एक गरीब युवती को शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ लगातार दो वर्षों से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडि़त युवती अपनी गुहार लेकर परिजनों के साथ एसडीएम कमल सोलंकी के कार्यालय में पहुंची।  युवती ने दो पुलिसकर्मियों द्वारा उस पर आरोपी के साथ राजीनामा करने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया। एसडीएम ने थाना प्रभारी को युवती की शिकायत पर आरोपी के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। 

22 वर्षीय युवती जो कि नगर के गांधी वार्ड में सागर नाका पर रहती है। सुलतान खान पिता हफीज खान मंसूरी जो कि रेलवे में खुरई में ही नच्च्करी करता है. युवती ने बताया कि परिवार वालों की रिश्तेदारी के माध्यम से घर पर आता-जाता रहता था। मोबाइल पर बातचीत व एसएमएस भी करता रहता था। जान-पहचान का फायदा उठाते हुए पिछले दो वर्षों से सुलतान शादी का प्रलोभन देकर मेरे साथ जबरदस्ती दुष्कर्म कर रहा है, मैंने जब उससे शादी की बात की तो वह मुकर गया व पांच लाख रुपए लेकर पीछा छोड़ने की बात करने लगा। 

मेरे द्वारा शादी की बात करने पर पिछले 3 दिसम्बर से सुल्तान मुझे अपने शासकीय निवास पर बंधक बनाकर रखे हुए था एवं मुझसे मारपीट कर मुझ पर दबाव बना रहा था। जानकारी लगने पर मेरी मां फरीदा मुझसे मिलने सुल्तान के निवास पर आई, तब मैंने उन्हें अपनी पूरी व्यथा सुनाई। मैं उसके चंगुल से छूटकर एसडीएम कार्यालय अपनी शिकायत लेकर आई हूं। युवती ने बताया कि दो पुलिस वाले जिन्हें मैं सामने आने पर पहचान सकती हूं, उन्होंने मुझे धमकी देते हुए सुल्तान के साथ राजीनामा करने का दबाव डाला। बात न मानने पर झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की बात भी कही। 

पुलिस ने किया मामला दर्ज

युवती की शिकायत पर पुलिस ने सुल्तान के विरूद्ध धारा 376, 506 का मामला पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है।

इनका कहना है 

युवती की शिकायत सुनकर मैंने थाना प्रभारी को कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। युवती ने दो पुलिस वालों द्वारा धमकी देने की बात भी कही गई है। इसकी भी जांच के निर्देश मैंने एसडीओपी खुरई को दिए हैं। आरोप सही पाए जाने पर पुलिस कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

कमल सोलंकी, एसडीएम, खुरई

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...