रविवार, 30 दिसंबर 2012

पत्थर से कुचल कर वृद्धा की हत्या

खुरई। बांदरी थाना अंतर्गत रोड़ा निवासी एक वृद्धा की अज्ञात लोगों ने पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी। वह अपनी बेटी की ससुराल जाने के लिए निकली थी। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छुपाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

बांदरी थाना प्रभारी डीपी लोहिया से मिली जानकारी के अनुसार रामकलि पति हरपू आदिवासी उम्र 50 वर्ष निवासी रोंड़ा बरोदिया अपनी लड़की की ससुराल बिनायठा गांव जाने के लिए 26 दिसम्बर को एक थैला लेकर निकली थी। लेकिन जब वह वहां नहीं पहुंची तो ढूंढने की कोशिश की गई। 

ग्राम चकेरी नाला के पास कुंआ खोदने वाले मजदूरों ने 27 तारीख की शाम उसका शव नाला के नीचे झाड़ियों के पास देखा। इस घटना की जानकारी पुलिस को लगते ही घटना स्थल पर जाकर देखा तो पाया कि उसका गला एक रूमाल से दबाया गया है और सिर पर पत्थर मारा गया है संभवत: जिससे उसकी मौत हुई होगी। 

बांदरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या का कारण अज्ञात है। 

क्षेत्रीय विधायक अरूणोदय चौबे ने भी घटना स्थल और मृतका के घर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए परिवार को सांत्वना दी और इस मामले में पुलिस को शीघ्र कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। विधायक श्री चौबे ने अपने क्षेत्र में इस अंधे कत्ल पर चिंता जताई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...