शनिवार, 22 दिसंबर 2012

किसानों को राहत दे रही ठंड

बीना। लगातार बढ़ रही सर्दी जहां किसानों को राहत दे रहीं है, वहीं गरीब तबके एवं फुटपाथ पर जीवन बसर करने वाले लोगों को आफत लेकर आई है। गरीब वर्ग के लोगों के लिए ठंड से बचने के लिए एक मात्र सहारा आग का है।

शहर में लकडियों की कमी के कारण ठंड से बचाव करने अन्य उपाय इस वर्ग के लोगों को ढूंढना पड़ रहे हैं। इस वर्ग के लोगों को गर्म कपड़े खरीदना महंगाई के  कारण टेढ़ी खीर हो रहा है। मध्यम वर्ग के लोग ठंड का खुलकर आनंद ले रहे हैं। दिन पर दिन घट रहे तापमान ने जहां फुटपाथ पर गुजर-बसर कर रहे कई लोगों को मुसीबत के पहाड़ खड़े कर दिए हैं,

किसानों की चिंता हुई कम


ठंड बढने से किसानों की फसल बचाने की कुछ चिंताएं खत्म हो गई हैं। फसलों में बढ़ रहा इल्ली का प्रकोप ठंड के कारण कम होता जा रहा हैै। ठंड बढ़ते ही इल्लियों के धीरे-धीरे खत्म होने की संभावनाएं शुरू हो गई हैं। कृषक जितेन्द्र विश्वकर्मा ने बताया कि ठंड फसलों के लिए काफी लाभदायक है ठंड के मौसम में ही फसलों का भराव होता है साथ ही इल्लियां भी अपने आप मरने लगती हैं। घटते बढ़ते तापक्रम के कारण चने की फसल में काफी इल्लियां लग गई थी। इल्लियों से फसल बचाने के सारे उपाय असफल हो चुके थी। हजारों रूपए की कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के बावजूद इल्लियों का प्रकोप कम नहीं हो पा रहा था। ठंड के बढ़ने से वह काफी खुश हैं क्योंकि ठंड के बढ़ते ही इल्लियां स्वत: ही मरने लगी हैं।
 

कहीं तुषार न लग जाए


कुछ किसानों का कहना है कि अधिक ठंड फसलों के लिए घातक हो सकती है अधिक ठंड से तुषार एवं पाले की संभावनाएं बढ़ जाती है। पाला एवं तुषार पूरी फसल बर्बाद कर देता है। पिछले वर्ष फूल के समय फसलें लहलहा रही थी और सभी को अच्छी पैदावार के आसार थे लेकिन अंतिम समय में पड़े तुषार ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया था इस कारण जहां ठंड बढने से कई किसानों ने राहत की सांस ली है वहीं कई किसानों की ठंड ने चिंता बढ़ा दी है। कृषि विस्तार अधिकारी ने बताया कि शीत लहर चलने से तुषार लगने की अशंका बढ़ती है अगर अधिक ठंड होने पर ऐसा लगे कि तुषार लग सकता है तो खेत के चारों ओर धुंआ कर दे। इसके अलावा इल्की सी स्प्रिंगकलर से सिंचाई कर दे तो तुषार से बचाव हो सकता है।

नगरपालिका ने नहीं जलाए अलाव


ठंडों के मौसम में नगर के प्रमुख चौराहों पर नगरपालिका द्वारा अलाव जलाने का नियम है ताकि रात्रि के समय पढ़ने वाली तेज सर्दी से लोगों एवं राहगीरों को राहत मिल सके। नगरपालिका द्वारा अभी तक नगर में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...