सागर। सानौधा निवासी एक युवक ने कोतवाली थाना पुलिस को विगत दिनों दिन दहाड़े कटरा मस्जिद से उसके और उसके एक अन्य साथी के अपहरण की कहानी बताई है। उसने सागर के 6 लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया है। मामला संदिग्ध है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
थाना प्रभारी कोतवाली राजेन्द्र तिवारी ने बताया कि सानौधा निवासी राजू पिता नन्हेलाल लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे कटरा मस्जिद से सागर के छह आरोपियों ने उसका अपहरण किया उसके एटीएम से भी रुपए लूटे हैं। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी बच्ची का इलाज सागर में चल रहा है। वह मोटरसाइकिल से अपने साथी तुलसीराम पटेल के साथ दोपहर तीन बजे गुजर रहा था कि तभी सादिक , मुखतार एवं गुड्डा काजी ने उन दोनों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पटकुई तरफ ले गए। सुनसान जगह पर आरोपियों ने बंदूक से फायर भी किया।
उनसे 20 लाख रुपए भी मांगे गए। राजू ने बताया कि आरोपियों ने उनके एटीएम कार्ड को भी छीन लिया था और एटीएम से 25 हजार रुपए निकाल लिए थे। इसी दौरान आरोपियों ने तुलसीराम को चाकू से हमला भी कर दिया। पीड़ित के परिजनों ने जब इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी तो आरोपियों तक इसकी भनक लग गई और शाम को दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। और 25 हजार रुपए वापस लौटा दिए गए। बुधवार की देर शाम पीड़ित युवकों ने अपनी कहानी कोतवाली थाना पुलिस को सुनाई। जिसके बाद पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है लेकिन पुलिस को यह संदेह है कि दिन दहाड़े कटरा बाजार से कैसे अपरहण हो सकता है। मामला संदिग्ध है फिलहाल कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें