मंगलवार, 18 दिसंबर 2012

फर्जी रजिस्ट्री कराने वालों पर मामला दर्ज कराने की मांग

सागर।  कोरी समाज की धार्मिक आस्था वाली जमीन पर फर्जी रजिस्ट्री कराने के विरोध में समाज के लोग कलेक्टर योगेंद्र शर्मा के पास पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कलेक्टर से वहां से फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले लोगों पर मामला दर्ज कराने की मांग की।

कलेक्टर ने इस मामले की जांच कराने का आश्वासन उनको दिया। समाज के लोगों ने कलेक्टर को इस मामले की व्यथा सुनाई। अपना रोष व्यक्त करते हुए समाज के गणेश चिरोलया, बैजनाथ कोरी आदि ने बताया कि बरियापुरा संत कबीरवार्ड में कोरी समाज की धार्मिक आस्था वाला प्लॉट है, जिसकी देखरेख समाज लंबे अरसे से करता चला आ रहा है। इस प्लॉट में देवी, देवता की प्रतिमा सहित मां दुर्गा की स्थापना की जाती है, लेकिन अब इस प्लॉट पर परकोटा निवासी भरत तिवारी और पथरिया जाट निवासी रामकिशन कोरी कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे है। यहां तक कि उन्होंने फर्जी तरीके से वहां की रजिस्ट्री भी करवा ली है।

जबकि प्लॉट अभी भी अमान वल्द नन्दू कोरी के नाम पर निगम में दर्ज है। नन्दू कोरी ने 1964 में अपनी वसीयत में यह जमीन कोरी समाज को दी थी। कलेक्टर को उन्होंने बताया कि 1910  में इस जमीन पर सामाजिक गतिविधियां होती आ रही हैं और 2007 में धर्मशाला निर्माण भी किया गया। जिसका भूमिपूजन तत्कालीन वार्ड पार्षद श्रीमती कृष्णा देवी बडकुर ने किया था। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि रामकिशन आदतन अपराधी है, जिसके कई फर्जी मामले पुलिस थाने में दर्ज हैं। वह फर्जी रजिस्ट्री करवाकर जमीन को बेचने की कोशिश करता आ रहा है। इस मामले की जानकारी मिलते ही समाज के लोगों ने रजिस्ट्री नहीं कराने संबंधी जानकारी निगम और रजिस्ट्रार कार्यालय में दी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...